कनाडा में शुक्रवार से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की धूम होगी। 19 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव को हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। पहले दिन महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को पार्लियामेंट हिल ओटावा से होगा। इस पार्लियामेंट में पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर चर्चा की जाएगी।
17 सितंबर को मिसिसॉगा में सुबह के सत्र में लिविंग आर्ट सेंटर में श्रीमद भगवद गीता पर सेमिनार होगा और सायं के समय श्रीकृष्ण कथा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 18 सितंबर को डूडांस स्क्वायर टोरंटो में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव के अंतिम दिन 19 सितंबर को ओंटारियो पार्लियामेंट में पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर फिर चर्चा होगी और ब्रैंपटन सिटी ओंटारियो में गीता पार्क भूमि पूजन होगा।
केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा के मुताबिक गत दिवस बुधवार को भी कनाडा के ओंटारियो की विधानसभा में विशेष कार्यक्रम के तहत पवित्र श्रीमद्भगवद् गीता स्थापित की गई, जिससे वहां के लोग भी गदगद हो उठे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने ओंटारियो की विधानसभा अध्यक्ष टेड अर्नोट, प्रांतीय संसद के सदस्यों (एमपीपी) दीपक आनंद और नीना टांगरी को पवित्र श्रीमद्भगवद् गीता भेंट की।
उन्होंने बताया कि कनाडा में गीता महोत्सव मनाने के लिए देश-विदेश की 104 धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं जीओ गीता कनाडा के नेतृत्व में जुटी है, जो पिछले कईं दिनों से तैयारी कर रही थी। गीता महोत्सव के आयोजन के लिए विदेशी धरती पर पहली बार इतनी संस्थाओं को एक मंच पर देखा जाएगा।
इन संस्थाओं के प्रतिनिधि पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर मंथन और चर्चा करेंगे, ताकि पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश जन-जन तक सहजता से पहुंच सके। इस महोत्सव में गीता और कुरुक्षेत्र 48 कोस के इतिहास को लेकर एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव में कनाडा में रहने वाले हरियाणा के मूल निवासी गुलाब सिंह, संदीप गुप्ता, आचार्य ऋषि राम, सतीश ठक्कर, नवल बजाज, राजेश वशिष्ठ, सौम्या मिश्रा, सुमित, सुरेश अग्रवाल, हेमंत पंवार, पम्मी कपूर, दीपन, अभिषेक तंवर आदि अहम योगदान दे रहे हैं।