कुरुक्षेत्र। नृत्य के ऑडिशन में प्रतिभा का प्रदर्शन करते युवा। संवाद
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वार्षिक रत्नावली उत्सव के लिए मंगलवार को कैंपस टीम के ऑडिशन आयोजित किए गए जिसमें छात्रों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ऑडिशन में करीब 200 प्रतिभागियों ने संगीत, नृत्य, थिएटर और वेस्टर्न म्यूजिक जैसी विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया और 35 विद्यार्थियों ने फाइन आर्ट्स श्रेणी में अपनी कला का जौहर दिखाया।
विश्वविद्यालय में 28 से 31 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय रत्नावली उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन में विश्वविद्यालय टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी), यूआईईटी, आईटीटीआर और आईआईएचएस के विद्यार्थी अपनी-अपनी टीमें बनाकर भाग लेंगे। यह उत्सव हरियाणा की लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य, नाट्य और चित्रकला परंपरा को मंच प्रदान करता है।
कम्युनिटी सेंटर में आयोजित नृत्य और नाट्य ऑडिशन में छात्रों ने अपनी भाव-भंगिमा और अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया। संगीत एवं नृत्य विभाग में डॉ. अशोक कुमार की देखरेख में संगीत और वेस्टर्न म्यूजिक प्रस्तुतियों के लिए चयन हुआ। वहीं फाइन आर्ट विभाग में डॉ. गुरचरण सिंह के संयोजन में 35 प्रतिभागियों ने चित्रकला और स्केचिंग कला से सबका ध्यान खींचा।
आई कार्ड अनिवार्य, अनुशासन पर जोर
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. मीनाक्षी सुहाग और हरविंदर ने बताया कि रत्नावली उत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम है बल्कि यह विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व और रचनात्मकता को भी बढ़ावा देता है। ऑडिशन में चयनित टीमें अब अंतिम प्रस्तुति की तैयारी में जुट गई हैं। परिसर में रत्नावली की गूंज पहले से ही सुनाई देने लगी है।
कुरुक्षेत्र। नृत्य के ऑडिशन में प्रतिभा का प्रदर्शन करते युवा। संवाद