संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित मरीजों की मौत का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को भी कोरोना संक्रमण से एक युवती और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत होने पुष्टि की है। तीसरी लहर में यह 14वीं मौत है। जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा बढ़कर 372 तक पहुंच गया है। वहीं सोमवार को 22 विद्यार्थियों सहित 169 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसान शाहाबाद मारकंडा वासी 26 वर्षीय गृहिणी की 27 जनवरी को आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और शाहाबाद के ही गांव बेरथला वासी 74 वर्षीय व्यक्ति की मौत इसी दिन अस्पताल में ले जाते वक्त हुई। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को 22 विद्यार्थियों सहित 169 मरीजों को कोरोना की पुष्टि की है। साथ ही 163 मरीजों को रिकवर होने पर डिस्चार्ज किया गया हैै। जिले में अब 568 एक्टिव केस के साथ कुल पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 26 हजार 4 तक पहुंच गया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि अब तक 25 हजार 65 कोरोना मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। विभाग ने अभी तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 107 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। अभी तक आई रिपोर्ट में 10 मरीजों को ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। सीएमओ ने बताया कि विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 660212 में से 633210 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। जिले में पॉजिटिव केसों की रिकवरी रेट 96.39 फीसदी और सैंपल पॉजिटिव रेट 3.94 फीसदी पर पहुंच गया है।
आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल एक हजार सैंपलों की जांच करने पर 169 मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल 489 मरीजों को होम आइसोलेट तथा 79 मरीजों को अस्पताल में दाखिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में मंगलवार को 101 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके साथ ही 15 से 17 वर्ष के किशोरों को 62 जगहों पर कोवैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी।
103 स्थानों पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश
जिला प्रशासन ने जिले में 103 स्थानों पर कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट व बफर जोन में शामिल करते हुए सैनिटाइज करने के आदेश दिए हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के तहत जिले में 208 स्थानों पर बनाए गए कंटेनमेंट जोन क्षेत्र को डी-नोटिफाई किया गया है, लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को अभी भी पूरी सतर्कता बरतनी होगी और सोशल डिस्टेंस, मास्क लगाने के नियमों का पालन करना होगा।