संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। थानेसर शहर में अब पुरानी पेयजल पाइप लाइन की लीकेज का लोगों को सामना नहीं करना पड़ेगा। जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पुरानी पेयजल पाइप लाइन को बदलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इस शहर में विभाग की तरफ से 77.94 किलोमीटर डीआई पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। पिपली और हरिनगर में लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए तीन नए टयूबवेल भी लगाएं जाएंगे। इस परियोजना को सरकार ने हरि झंडी दे दी है।
जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से थानेसर शहर के विभिन्न वार्डों में पीने के पानी की पाइप लाइन पुरानी हो चुकी है। इन पाइप को बदलने की जरूरत थी, जिसके लिए लगातार मांग उठाई जा रही थी। अब राज्य सरकार ने पाइप लाइन को बदलने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। प्रदेश सरकार की ओर से जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त आदेश दिए गए है कि इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि बारिश से पहले इस परियोजना को पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष फोकस रखा जाए।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने सर्किट हाउस में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इस परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए चर्चा की गई है। पूर्व राज्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता सुमित गर्ग से थानेसर शहर में पीने के पाइप लाइन को बदलने की परियोजना पर विस्तार से चर्चा की और योजना के तमाम पहलुओं के बारे में बातचीत की।
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पिपली, बीड पिपली के एरिया की गलियों में पीने के पाइप लाइन को बिछाया जाएगा। इस क्षेत्र में जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पिपली में दो और हरि नगर में पीने के पानी के लिए नया ट्यूबवेल लगाया जाएगा।