सलारपुर रोड पर वजन घटाएं-वजन बढ़ाए की जगह भ्रूण लिंग जांच की जाती थी, जिसका शनिवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर तीन आरोपियों को दबोचा है। इनमें दो जीजा-साला हैं। यही नहीं, विभाग की टीम ने मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, आईपैड टैब भी बरामद किया है। आरोपियों की पहचान गांव आहूं जिला कैथल वासी राजेंद्र सिंह, यूपी के जिला सहारनपुर के गांव राजपुर वासी अवनीश और गांव नवरंगपुर, जिला सहारनपुर वासी आकाश के रूप में हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार अवनीश और आकाश सलारपुर रोड स्थित वजन घटाएं-वजन बढ़ाए फिटनेस सेंटर पर भ्रूण लिंग जांच करने आते थे, जो अपने साथ पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड की मशीन साथ रखते थे। शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे यहां पहुंचे थे, लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग को इसकी भनक पहले ही लग चुकी थी।
जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा के निर्देश में एक टीम गठित की गई। उप सिविल सर्जन एवं नोडल अधिकारी डॉ. आरके सहाय की अगुवाई में दंत चिकित्सक डॉ. ऋषि, चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप, राजीव कुमार, नरेश और मनोज कुमार की टीम साधारण कपड़े पहन सुबह साढ़े 6 बजे से ही पैनी नजर रखी हुई थी। जैसे ही आरोपी फिटनेस सेंटर में घुसे, तभी छापा मारकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक यह नहीं पता चल सका था कि आखिर वे किसका अल्ट्रासाउंड करने यूपी से कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। इस संदर्भ में कृष्णा गेट थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उप सिविल सर्जन एवं नोडल अधिकारी डॉ. आरके सहाय ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सलारपुर रोड स्थित बीआर इंटरनेशनल चौक के नजदीक स्थित वजन घटाएं-वजन बढ़ाए’ हर्बल लाइफ न्यूट्रीशन प्वाइंट में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच की जाती है। सुबह सवा 7 बजे छापा मारकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया है। आगामी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।