अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में पर्यटकों और खास मेहमानों का तवज्जो देने के साथ-साथ पहली बार बच्चों के मनोरंजन का भी खास ध्यान रखा जाएगा। महोत्सव में आने वाले बच्चों का जहां खेल खिलौने बनाकर मनोरंजन किया जाएगा वहीं इन बच्चों को निशुल्क खिलौने भी देने का प्रावधान रखा गया है। विभिन्न स्कूलों के आर्ट विषय के शिक्षकों ने स्वेच्छा से एक ग्रुप बनाने का निर्णय लिया और 14 शिक्षकों को लेकर एक ग्रुप तैयार किया गया है।
इस ग्रुप के साथ प्रशासन की तीन बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। मंगलवार को एनआईसी कार्यालय में एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला के नेतृत्व में बैठक का आयोजन हुआ। इसमें सर्वसम्मति से सभी शिक्षकों ने गीता जयंती महोत्सव के दौरान बच्चों व युवा वर्ग के लिए कुछ क्रिएटिव आर्ट्स करने का निर्णय लिया है। एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला ने बताया कि पहली बार महोत्सव को और रंगीन और यादगार बनाने के लिए विभिन्न स्कूलों से आर्ट विषय के 14 शिक्षकों का यह ग्रुप महोत्सव के दौरान ब्रह्म सरोवर तट पर व्यर्थ पदार्थों से बनाए जाने वाले मनोरंजन के खिलौने जिनमें, कुल्फी के तीलों से पीपनी बनाना, क्ले माडलिंग, श्लोकोच्चारण, टैटू, कलर पेंटिंग, फ्रीबी कार्नर, पाकेट स्टीकर, बटन, कालर, कैप सहित अन्य प्रकार की वस्तुएं बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि व्यर्थ पदार्थों से बनाए जाने वाले खिलौने बच्चों को निशुल्क वितरित किए जाएंगे और प्रत्येक खिलौने पर गीता जयंती महोत्सव का लोगों अंकित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों में महोत्सव को लेकर उत्साह पैदा करने के लिए लक्की ड्रा भी निकाला जाएगा। इतना ही नहीं महोत्सव में सबसे सुंदर सेल्फी भेजने पर सेल्फी को महोत्सव की बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। इसके लिए एक व्हाट्सऐप नंबर भी सार्वजनिक किया जाएगा। इस व्हाट्सऐप ग्रुप के साथ सभी सदस्यों को जोड़ा जाएगा।
कौन-कौन होंगे ग्रुप में
एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला ने बताया कि इस ग्रुप में सैनी स्कूल से गगनदीप सिंह, एसएमबी गीता स्कूल से उमरपाल, संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल लाडवा से राजेश कुमार, द मिलेनियम स्कूल कुरुक्षेत्र से मयंक भारद्वाज, जीएमएस मोहड़ी से दलबीर सिंह, किड्स प्लेनेट प्रेम पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र से सुवेग खटक व आशा देवी, राम प्रसाद डीएवी पब्लिक स्कूल शाहबाद से राजीव कुमार, विश्वास पब्लिक स्कूल शाहबाद से नेहा शर्मा व मोनिका, सेठ टेक चंद स्कूल से रश्मि शर्मा, जीएमएस सांवला से जयंती खटक, जीएमएस दयालपुर से संगीता शर्मा, जीएमएस रतनगढ़ से सुमित को शामिल किया गया है।