संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत मोप-अप डे पर यूथ रेडक्राॅस सोसाइटी की संयोजिका डाॅ. सीमा सिंह के नेतृत्व में 19 वर्ष और इससे कम उम्र की छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोलियां वितरित की गईं।
महाविद्यालय प्राचार्या डाॅ. उपासना आहुजा ने कहा कि महाविद्यालय में प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं को पेट के कीड़े मारने की गोलियां खिलाई जाती हैं। इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं की आंतों को कृमियों से मुक्त करना व उनको स्वास्थ्य, सही पोषण, स्वच्छता, शारीरिक व मानसिक विकास के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि पेट के कृमि छात्राओं के शारीरिक विकास को रोक कर उनमें अनीमिया व कुपोषण को बढ़ाते हैं। इससे उनके सर्वांगीण विकास में अवरोध उत्पन्न होता है। प्राचार्या ने बताया कि इस बार इस अभियान के अंतर्गत निर्धारित आयु वर्ग की 461 छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोलियां वितरित की गईं और उन्हें उचित पोषण व स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर सिया, पलक, तनिशा, हर्षिता, तनु आदि छात्राएं मौजूद रहीं।