कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी से हर रोज निकल रहा करीब 100 टन कचरा जनता के साथ-साथ प्रशासन के लिए भी गले की फांस बना हुआ है। स्थायी डंपिंग साइट न होने के चलते कचरा अब हर किसी को खलने लगा है।
पिछले सप्ताह कई दिन की जदोजहद के बाद वार्ड अनुसार कचरा एकत्रित करने की योजना भी धवस्त हो गई, जिसके बाद नए बस अड्डे के सामने एसटीपी के पास खाली जगह पर इसे एकत्रित किया जाने लगा तो यहां भी विरोध के चलते पुलिस का पहरा लगाना पड़ा। यहीं नहीं नगर परिषद व संबंधित फर्म के अधिकारियों को भी मोर्चा संभालना पड़ा।
नगर प्रशासन ने पहले हर वार्ड अनुसार कचरा एकत्रित करने की योजना बनाई थी तो पार्षदों से भी बैठक की थी लेकिन यह सिरे नहीं चढ़ी। कचरा केशव पार्क व पुराना थाना वाली जगह पर डाला जाने लगा लेकिन यहां भी लोग विरोध में उतर आए तो हस्ताक्षर अभियान चलाने तक की चेतावनी दी गई, जिसके बाद नप ने दो दिन पहले ही नए बस अड्डे के सामने एसटीपी के पास कचरा डालना शुरू किया। जहां पहले दिन रविवार को ही आसपास के दुकानदार विरोध पर उतर आए। सोमवार को फिर विरोध किया जाने लगा तो यहां कचरा डाल रहे टिप्परों को रोके जाने की आशंका बन गई। आनन-फानन में नपा सचिव अरविंद कुमार, संबंधित कंपनी के प्रोजेक्टर मैनेजर नवनीत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। मामला गंभीर होते देख पुलिस को भी बुलाया गया। पूरा दिन पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात रखे गए।