कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूआईईटी संस्थान में ऑनलाइन दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए इच्छुक विद्यार्थी हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसायटी की वेबसाइट के माध्यम से 24 जून तक आवेदन कर सकते हैं। उक्त जानकारी कुवि के डीन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी व यूआईईटी संस्थान के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने दी।
उन्होंने कहा कि एनआईसी द्वारा पहली काउंसलिंग में सीट अलॉटमेंट का परिणाम 25 जून को चार बजे हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसायटी, पंचकूला की वेबसाइट पर दर्शाया जाएगा, जबकि दूसरी काउंसलिंग में सीट अलॉटमेंट का परिणाम नौ जुलाई को चार बजे वेबसाइट पर दर्शाया जाएगा, इसके लिए अभ्यर्थी समय-समय पर वेबसाइट पर जाकर चेक करते रहे।
उन्होंने बताया कि कुवि यू यूआईईटी संस्थान बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, इलेक्ट्रिकल एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के साथ बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग में विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान कर रहा है और संस्थान में एमटेक और तकनीकी विषयों में शोध पर जोर दिया जा रहा है। सर्वे के दौरान यूआईईटी संस्थान में प्रवेश गुणवत्ता, प्रशासनिक शैक्षणिक उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचा, कॅरिअर, प्रगति प्लेसमेंट व नेतृत्व के कारण देशभर के इंजीनियरिंग संस्थानों में यूआईईटी ने 33वां स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सफलता संस्थान के लिए बेहतर कड़ी है और दुनिया की जानी-मानी कंपनियों में 40 लाख 28 लाख के पैकेज की प्लेसमेंट संस्थान की बड़ी उपलब्धि है। अखिल भारतीय सर्वेक्षण के आधार पर कम फीस में बेहतर और उच्च गुणवत्ता की तकनीकी शिक्षा प्रदान करने में कुवि यूआईईटी संस्थान का देश में नौवें स्थान पर चयन हुआ है।
यूजी एंड इंटीग्रेटिड प्रोग्राम के लिए आवेदन 15 तक
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पीजी प्रोग्राम्स और यूजी एंड इंटीग्रेटिड प्रोग्राम्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। इन सभी प्रोग्राम्स में ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया 23 मई से जारी है। इच्छुक विद्यार्थी इसके लिए कुवि की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उक्त जानकारी कुवि के लोक संपर्क विभाग के उप-निदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने दी।