कुरुक्षेत्र। परमार्थ निकेतन ऋषिकेश एवं महावीर सेवा सदन कोलकाता की परियोजना दिव्यांग मुक्त भारत के अंतर्गत गीता ज्ञान संस्थानम् द्वारा निशुल्क सेवा शिविर का आयोजन 26 से 29 नवंबर को किया जाएगा।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के सान्निध्य में आयोजित होने वाले निशुल्क सेवा शिविर पर तमाम जानकारी सांझा करते हुए गीता ज्ञान संस्थानम् के व्यवस्थापक राजेंद्र चोपड़ा ने बताया कि शारीरिक रूप से विकलांगों के लिए आयोजित किए जा रहे शिविर में कृत्रिम पैर, कैलिपर एवं हाथ का निशुल्क वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के अतिरिक्त रमन रेती वृंदावन से कार्षणि स्वामी गुरुशरणानंद , जगद्गुरु रामभद्राचार्य एवं स्वामी चिदानंद सरस्वती की उपस्थिति भी रहेगी। चोपड़ा ने कहा कि महावीर सेवा सदन के कोलकाता सेंटर के सहयोग से गीता ज्ञान संस्थानम् द्वारा आयोजित निःशुल्क सेवा शिविर के लिए पिछले काफी दिनों से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गई है। जो भी दिव्यांगजन शिविर में कृत्रिम अंग प्राप्त करना चाहते हैं, वे गीता ज्ञान संस्थान में संपर्क करके अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।