खुद को बजाज फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर व्यक्ति को लोन दिलवाने के नाम पर एक लाख 74 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव कांजनू (यमुनानगर) निवासी रिंकू कंबोज ने कहा कि उसकी मोहड़ी गांव में मेडिकल स्टोर है।
बीते दिन वह अपनी दुकान पर बैठा था कि उसके मोबाइल पर अलग-अलग मोबाइल से फोन आया कि वह बजाज फाइनेंस से बोल रहे हैं और उसे पांच लाख रुपये का लोन दे रहे हैं। इसकी किस्त साढ़े नौ हजार रुपये प्रति मास होगी। उनकी बातों में आकर वह लोन लेने के लिए तैयार हो गया। आरोपियों द्वारा आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट नंबर मांगे जाने पर उसने सारे कागजात उनके बताए मोबाइल नंबर पर भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने उससे उनके खाते में 32 सौ रुपए, 94 सौ रुपये के अलावा जीएसटी, टीडीएस व अन्य कर टैक्स लगाकर एक लाख 74 हजार रुपये जमा करा लिए और उसके बाद से उनके साथ कोई संपर्क नहीं हो रहा है। ठगी होने पर उसने जानकारी प्राप्त करके पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।