जिला जेल में बंद 16 अपराधियों सहित जिलेभर में 149 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि 347 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। पिछले दो दिनों से बढ़ी रिकवरी दर और एक्टिव केस की संख्या घटने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है, हालांकि मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण के कारण हुई चार मौत की पुष्टि रविवार को की है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की मौत आंकड़ा 250 तक पहुंच गया है।
अभी 1968 हैं एक्टिव केस
अब तक 20 हजार 174 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 17 हजार 956 मरीज रिकवर कर चुके हैं। फिलहाल कुरुक्षेत्र में एक्टिव केस 1968 दर्ज किए गए हैं। फिलहाल 66 मरीजों को एलएनजेपी अस्पताल में और 368 मरीजों को अन्य निजी व सरकारी अस्पतालों में दाखिल किया गया है और 1534 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
50 आइसोलेशन सेंटर बनाने का निर्णय
कुरुक्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना मरीजों की देखभाल करने के लिए 50 आइसोलेशन सेंटर बनाने का फैसला लिया गया है। यह आइसोलेशन सेंटर उन गांवों में बनाए जाएंगे जिन गांवों में कोरोना के मरीजों की संख्या ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग के आदेशानुसार जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी की तरफ से आइसोलेशन सेंटर बनाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रताप सिंह की तरफ से जारी आदेशों में कहा गया है कि कुरुक्षेत्र के सात ब्लॉक में आइसोलेशन सेंटर बनाए जाएंगे। इनमें थानेसर ब्लॉक में 12, शाहाबाद ब्लॉक में 7, बाबैन ब्लॉक में 7, लाडवा ब्लॉक में 7, पिपली ब्लाक में 7, इस्माईलाबाद में 4 और पिहोवा ब्लॉक में 5 सेंटर बनाए जाएंगे। इन ब्लाकों में 13 मई तक सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिपली ब्लॉक के 7 गांवों में सबसे ज्यादा केस 111 केस, थानेसर ब्लॉक के 12 गांवों में 84, शाहाबाद ब्लॉक के 7 गांवों में 78, बाबैन ब्लॉक के 7 गांवों में 63, लाडवा ब्लाक के 7 गांवों में 36, इस्माईलाबाद ब्लाक के 4 गांवों में 24 और पिहोवा ब्लॉक के 5 गांवों में 32 कोरोना पॉजिटिव केस हैं।
सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा का कहना है कि जिला में आवश्यकता के अनुसार आइसोलेशन सेंटर बनाए जा रहे हैं। गांवों में सभी सेंटर स्कूलों में तैयार किए जा रहे हैं। इन स्कूलों में व्यवस्था करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को राज्य सरकार की तरफ से दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैै। सभी स्कूलों में कोरोना मरीजों की उचित देखभाल की जाएगी।
कुरुक्षेत्र में कोरोना से रिकवरी केसों में हुआ सुधार, रिकवरी रेट बढ़कर पहुंचा 89.01 फीसदी
सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में कोरोना की जंग जीतने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इससे रिकवरी रेट बढ़ रहा है। इस समय कुरुक्षेत्र में 89.01 फीसदी मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। कुरुक्षेत्र में सैंपल पॉजिटिविटी रेट 6.25 फीसदी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 324342 में से 302688 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। उन्होंने रविवार को कोरोना पॉजिटिव भगवान नगर कॉलोनी पिपली निवासी 56 वर्षीय महिला, गांव जालखेड़ी निवासी 72 वर्षीय महिला, धोबी मोहल्ला कुरुक्षेत्र निवासी 75 वर्षीय महिला और गांव स्याणा सैयदा निवासी 60 वर्षीय महिला की मौत की पुष्टि की है।