संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। बुनियाद स्तर-दो की परीक्षा 28 जनवरी को होगी, जिसकी तैयारी में विद्यार्थी जुटे हुए हैं। शीतकालीन सत्र की छुट्टियाें में विद्यार्थी निजी कोचिंग सेंटरों, अभिभावकों और सोशल मीडिया के माध्यम से तैयारी कर रहे हैं तथा अपने सिलेबस को दोहरा रहे हैं। इस परीक्षा में स्तर-एक में उत्तीर्ण विद्यार्थी ही हिस्सा लेंगे। 4180 विद्यार्थियों ने स्तर-एक की परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम 20 जनवरी को जारी होगा। इसमें से लगभग 1100 विद्यार्थियों का चयन स्तर-दो की परीक्षा के लिए किया जाएगा।
बुनियाद परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और शैक्षणिक समझ का आकलन करना है। चयनित विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा का एक सुनहरा अवसर है, जो उनके भविष्य की शिक्षा और कॅरिअर में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों ने बुनियाद स्तर-एक के परिणाम आने से पहले ही शुरु कर दी है। परीक्षा की तैयारी में विद्यार्थी सिलेबस का गहन अध्ययन, मॉक टेस्ट और समय प्रबंधन जैसी रणनीतियां अपना रहे हैं।
बुनियाद परीक्षा शिक्षा विभाग और विकल्प फाउंडेशन की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल लर्निंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है। विद्यार्थी और उनके अभिभावक परीक्षा को लेकर उत्साहित हैं और बुनियाद लेवल-वन के अच्छे परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं।
बुनियाद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना : रोहतास
जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा ने बताया कि बुनियाद कार्यक्रम का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे आईआईटी, नीट व एनडीए इत्यादि परीक्षाओं के लिए तैयार करना तथा में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति रूचि उत्पन्न करना है। शिक्षा विभाग बुनियाद केंद्रों पर पढ़ रहे विद्यार्थियों को परिवहन भत्ते के साथ-साथ स्टेशनरी, वर्दी, टैबलेट तथा अन्य सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।