कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव सहित विभिन्न आयोजनों में हिस्सा लेने वाले लोक कलाकारों को अब ठहरने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। कला परिषद की ओर से केडीबी रोड पर करीब 10 करोड़ से आधुनिक सुविधाओं से युक्त आर्टिस्ट गेस्ट हाउस का निर्माण भरतमुनि रंगशाला से सटे परिसर में कराया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, गेस्ट हाउस की आवश्यकता इसीलिए पड़ी क्योंकि देश-प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लोक कलाकार यहां प्रस्तुति के लिए पहुंचते हैं। अधिकांश कलाकार होटल, धर्मशाला सहित अन्य स्थानों पर ठहरते हैं। कई बार व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी भी सामने आती है। समस्या के स्थाई समाधान के लिए गेस्ट हाउस बनाने की योजना तैयार की गई। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य नए साल से पहले पूर्ण होने की संभावना है।
-
तीन डोरमेट्री, किचन, मीटिंग-वेटिंग रूम, पार्किंग सहित वीआईपी कक्ष
कला परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि गेस्ट हाउस में कलाकारों के लिए तीन आधुनिक डोरमेट्री, भोजन के लिए किचन व्यवस्था, बैठक कक्ष, प्रतीक्षालय, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। तीन वीआईपी रूम होंगे। कला परिषद के अध्यक्ष यानी मुख्यमंत्री के लिए स्पेशल रूम तैयार किया जाएगा। गेस्ट हाउस में एक समय में लगभग 40 कलाकार ठहराए जा सकेंगे।
कार्यक्रम स्थल तक होगी पहुंच आसान : जोशी
हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि भरतमुनि रंगशाला के समीप गेस्ट हाउस बनने से कलाकार सीधे कार्यक्रम स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे। परिवहन और समय दोनों की बचत होगी। आयोजनों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। लगभग 10 करोड़ रुपये से बनने वाले इस गेस्ट हाउस का उद्देश्य लोक कलाकारों को परेशानी से बचाकर बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सिविल वर्क 8 करोड़ का, बाद में संबधित विभाग करेगा व्यवस्था : सचदेवा
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ऋषि सचदेवा ने बताया कि कलाकारों के गेस्ट हाउस पर सिविल वर्क पर 8 करोड़ रुपये का होगा। बाद में इलेक्ट्रिसिटी सहित विभिन्न कार्याें पर संबंधित विभाग की तरफ से अलग से बजट खर्च होगा। सितंबर तक कार्य पूर्ण करके बिल्डिंग को हैंडओवर कर दिया जाएगा।