संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 108 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने विशाल तिरंगा फहराया। तिरंगा लहराते ही वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति से भर गया।
इससे पहले सांसद नवीन जिंदल और केयू के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने क्रश हॉल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी प्रदर्शनी देखी। इस दौरान विभाजन विभीषिका पर नाटक प्रस्तुत किया गया। नवीन जिंदल के तिरंगा अभियान से जुड़े संघर्ष पर बनी डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
तिरंगा देश की आन, बान और शान : जिंदल
नवीन जिंदल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश की एकता और अखंडता के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। केयू के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि 108 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में माय भारत क्विज के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। रादौर के अभिमन्यु पांचाल ने प्रथम, थानेसर के ओजस्वी शर्मा ने द्वितीय और कैथल के विवेक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कुरुक्षेत्र। केयू में 108 फीट तिरंगे को फहराने की तैयारी करते हुए, साथ खड़े सांसद नवीन जिंदल व - फोटो : Samvad