कुरुक्षेत्र/ लाडवा। नगर पालिका कर्मचारियों में मंगलवार को उस समय खलबली मच गई जब मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने अचानक दस्तक दी। इस दौरान दो कर्मी गैर हाजिर मिले तो वहीं एक टिपर में भरे कचरे का वजन कराया गया तो 20 किलोग्राम कम पाया गया।
सुबह नौ बजे ही अंबाला की टीम सब इंस्पेक्टर राजवीर सिंह, एएसआई रविंदर सिंह, मुख्य सिपाही प्रवेश द्वारा नगरपालिका का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया गया, जिस दौरान पालिका सचिव नीरज मौके पर मिले तो वहीं टीम ने सभी कर्मचारी व अधिकारियों की हाजिरी जांच की। इसमें चार कर्मचारी अवकाश पर मिले तो सफाई शाखा के दो कर्मी गैर हाजिर पाए गए।
टीम ने पालिका का रिकाॅर्ड खंगाला, जिस दौरान पता चला कि पालिका के पास कचरा उठान के लिए 15 टिपर हैं और पालिका की ओर से निजी कंपनी को कचरा उठान का जिम्मा दिया हुआ है। इसके लिए 12 टिपर लगाए गए हैं जबकि इन पर 15 चालक व 18 सहायक तैनात है। वहीं पालिका के पास तीन टिपरों में से दो खराब मिले। एसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि रिकाॅर्ड खंगाला गया तो पता चला कि कचरा उठान में संबंधित कंपनी द्वारा अनियमितताएं बरतीं गईं, जिसके चलते ही अप्रैल 2023 से नवंबर 2024 तक 522509 रुपये जुर्माना भी लगाया गया। इसके उपरांत टीम ने पालिका सचिव को साथ लेकर डंपिंग ग्राउंड का भी जायजा लिया, जहां न कोई कर्मचारी तैनात मिला।