कुरुक्षेत्र। जिले में शनिवार को 12 वर्षीय छात्र सहित पांच मरीजों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। इनमें से विदेश से लौटा एक व्यक्ति भी शामिल है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने ठीक होने पर दो मरीजों को अस्पताल से घर भेज दिया है।
जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या 48 रह गई है। इनमें से 35 मरीज होम आइसोलेट और 13 मरीज अस्पताल में दाखिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को विभिन्न जगह से आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के 1014 सैंपल एकत्रित किए। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 26 हजार 796 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 26 हजार 354 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और 394 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिले में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 157 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए है। अभी तक आई रिपोर्ट में 105 मरीजों को ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। अभी तक लिए गए 685774 में से 658207 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर रविवार को 21 जगह पर कोरोना वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज लगाई जाएगी।
उधर, जिला प्रशासन ने गत दिवस 11 स्थानों पर कोरोना संक्रमित मरीज मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिले में 14 स्थानों पर बनाए गए कंटेनमेंट जोन क्षेत्र को डी-नोटिफाई किया गया है। हालांकि लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा।