कोरोना पॉजिटिव की रिकवरी रेट बढ़ने और नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटने से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अभी भी संभलने की जरूरत है। कोरोना संक्रमण अब शहरी क्षेत्र ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी तेजी से अपने पैर पसारने लगा है।
बुधवार को जिलेभर में अलग-अलग जगह से 145 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें से 78 ग्रामीण क्षेत्र से और 67 शहरी क्षेत्र से हैं, जबकि तीन महिलाओं सहित पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है। इनमें से भी तीन मृतक ग्रामीण क्षेत्र से और दो शहरी क्षेत्र से संबंध रखने वाले थे।
कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 26 हजार 633 तक पहुंच गया है। इनमें से 18 हजार 656 मरीज कोरोना को मात देकर सकुशल वापस अपने घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को कुरुक्षेत्र में कोरोना एक्टिव केस 1712 हैं। इनमें से नाजुक स्थिति के चलते 77 मरीजों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड और 349 मरीजों को अन्य निजी व सरकारी अस्पतालों में दाखिल किया गया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र का रिकवरी रेट का आंकड़ा बढ़कर 90.42 फीसदी तक पहुंच गया है। बुधवार को भी होम आइसोलेट और विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन 170 कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने जंग जीती है, लेकिन इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित 145 नए केस सामने आए हैं और तीन महिलाओं सहित पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। इनमें गांव अमीन निवासी 39 वर्षीय व्यक्ति, गांव अजराना कलां निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति, गांव मेघा माजरा निवासी 48 वर्षीय महिला, पुराना पोस्ट आफिस गली कैथल रोड़ पिहोवा निवासी 48 वर्षीय महिला और गांधी नगर पिहोवा निवासी 60 वर्षीय महिला शामिल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 331074 में से 309099 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
जिला सिविल सर्जन ने किया आइसोलेशन वार्ड का औचक निरीक्षण
उधर, जिला सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे आइसोलेशन वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने आरएमओ डॉ. एसएस अरोड़ा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव चावला सहित संबंधित अधिकारियों से फीडबैक ली और कहा कि आइसोलेशन वार्ड में स्वास्थ्य कर्मचारी और मरीज के अलावा कोई अन्य व्यक्ति एंट्री न करे। इसके लिए वहां तैनात होमगार्ड के जवान को निर्देश दिए।
1326 लाभार्थियों को लगाई कोरोना वैक्सीन
वैक्सीनेशन अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को 1326 लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई। शेड्यूल के अनुसार 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को सीएचसी बारना, पीएचसी कलसाना, पोली क्लीनिक सेक्टर-4 कुरुक्षेत्र में कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इसके साथ ही 18 वर्ष से 44 वर्ष के आयु वर्ग वाले लाभार्थियों को एलएनजेपी अस्पताल, सीएचसी पिहोवा, मथाना, लाडवा, झांसा, यूपीएचसी कृष्णा नगर गामड़ी में कोविशील्ड की पहली डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक एक लाख 49 हजार 2 को पहली और 28 हजार 233 लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।
बाक्स
85 हजार लोगों तक पहुंची इम्यूनिटी बूस्टर किट
आयुष विभाग की 20 टीमें लगातार इम्यूनिटी बूस्टर किट वितरित कर रही है। अब तक आयुष विभाग द्वारा वितरित की गई इम्यूनिटी बूस्टर किट 85 हजार लोगों को वितरित की जा चुकी है। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुदेश जाटियान ने कहा कि आयुष विभाग कुरुक्षेत्र द्वारा कोरोना वायरस से बचाव एवं लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर इम्यूनिटी बूस्टर किटों को वितरण किया जा रहा है। आयुष विभाग की इम्यूनिटी बूस्टर किट लगभग 85 हजार लोगों की सुरक्षा का कवच बनकर काम कर रही है। इस बूस्टर किट से लोगों में कोरोना वायरस से लड़ने की क्षमता बढ़ेगी और लोग अपने आपको इस वायरस से सुरक्षित रख पाएंगे। आयुष विभाग ने कोरोना संवेदनशील क्षेत्र यानी कंटेनमेंट जोन में 49 हजार बूस्टर किट वितरित की जा चुकी हैं।