संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड के आसपास राहगीरों से मोबाइल फोन और नकदी छीनने वाले पांच आरोपियों को अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों विकास उर्फ विक्की निवासी गांधीनगर, थानेसर, कमल उर्फ बच्ची निवासी कलायत, गोल्डी उर्फ गंजा निवासी चीका, दानिश निवासी बिजनौर (युपी) और सन्नी निवासी फरल, कैथल से छीने गए 38 फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ है।
शाखा-2 प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह ने बताया कि बरामदगी के लिए ले जाते समय दो आरोपियों दानिश व विकास उर्फ विक्की ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। दोनों पुलिया से कूद गए, जिससे उनकी टांगों में चोट लग गई। पुलिस ने उन्हें एलएनजेपी जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड के आसपास छीनाझपटी की वारदातों की सूचना मिली थी। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान विकास उर्फ विक्की निवासी गांधीनगर, थानेसर, कमल उर्फ बच्ची निवासी कलायत, गोल्डी उर्फ गंजा निवासी चीका, दानिश निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) और सन्नी निवासी फरल, जिला कैथल के रूप में हुई है।
नशे की पूर्ति के लिए करते थे वारदात
प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह के अनुसार, आरोपी नशे के आदी हैं और इसकी पूर्ति के लिए राहगीरों से मोबाइल व नकदी छीनते थे। वे मेला ग्राउंड के पास सफेदों के जंगल में छिपकर अकेले गुजरने वाले लोगों, महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाते थे। डराने के लिए चाकू रखते थे। इसके अलावा कुरुक्षेत्र से अंबाला और करनाल जाने वाली ट्रेनों में सोते यात्रियों की जेब से मोबाइल व रुपये चोरी करते थे। चार्जिंग पर लगे मोबाइल भी चुरा लेते थे।