अंबाला के गांव डुलियाना, डुलियानी, घेलड़ी में अज्ञात कारणों सेे लगभग 22 एकड़ गेहूं की फसल व फाने जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मुश्किल सेकाबू किया।
गांव डुलियानी के प्रीतपाल के 2 एकड़ गेहूं, 10 एकड़ फाने, किसान सुरेंद्र सिंह के 5 एकड़ फाने, डुलियाना के किसान रामपाल के डेढ़ एकड़ गेहूं फसल, रामस्वरूप की 9 कनाल गेहूं की फसल, विक्रम सिंह की 9 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी। गामीणों के द्वारा आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। अंबाला कैंट, अंबाला शहर, मुलाना से पहुंची तीन फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
उधर, दूसरी ओर गांव घेलड़ी के किसान राजकुमार की दो एकड़ गेहूं की खेत में खड़ी फसल में सुबह के वक्त अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण आग दूसरे खेतों की ओर बढ़ने लगी तभी गांव के ही कुछ लोगों ने ट्रैक्टर के साथ हैरो की मदद से आग को आगे की ओर खेतों में बढ़ने से रोक दिया।
इसी प्रकार कैंट के नई आबादी क्षेत्र में गेहूं के खेतों में आग लग गई। किसान देवराज ने बताया कि शार्ट सर्किट के कारण खेतों में आग लग गई। देखते ही देखते यह आग फैल गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन काफी फसल जलकर राख हो गई।
साढे़ सात एकड़ फसल आग की भेंट चढ़
नारायणगढ़-कालाअंब मार्ग स्थित गांव हमीदपुर डेरा के खेतों में बुधवार को लगी आग के कारण साढ़े सात एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बुधवार की दोपहर हमीदपुर-डेरा में सड़क के नजदीक स्थित गेहूं के खेतों में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के चलते यह आग कुछ ही पलों में पूरे क्षेत्र में फैल गई। गांव डेरा के सरपंच के प्रतिनिधि सेठपाल गुज्जर ने इस आगजनी की सूचना फायर ब्रिगेड वालों को दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग में किसान गुरबचन सिंह की 2 एकड़, त्रिलोक सिंह की 4 एकड़ व ममता पत्नी सुरेश पाल की डेढ़ एकड़ गेहूं फसल आग की भेंट चढ़ गई। इस आग से किसानों को लाखों रूपए का नुकसान हो गया।
लगभग 28 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
अंबाला सिटी। मोटा माजरा किसान हिंमत सिंह ने गांव मटे्हड़ी जट्टान में जमीन ठेके पर ली हुई है। जिसमें गेहूं की फसल थी। बुधवार दोपहर अचानक खेतों में खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए काफी प्रयास किए। देखते ही देखते आग पूरे क्षेत्र में फैल गई। मौके पर पहुंचे दमकल विभाग कर्मियों ने आग को बुझाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग लगने से किसानों का काफी नुकसान हो गया। कांवला रोड पर किसान नछतर सिंह की गेहूं की फसल में आग लगने से डेढ़ एकड़ फसल जल गई। वहीं, डुलियाना में गुरदेव सिंह की नौ एकड़ फसल, प्रीतपाल की चार एकड़ फसल, अमर सिंह की दो एकड़ और चार एकड़ फाने, सुरेंद्र की तीन एकड़ फाने, रामस्वरूप के नौ कनाल फसल और विक्रम सिंह के चार एकड़ खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
चलती कंबाइन में लगी आग
सिटी के रायल पैलेस के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक कंबाइन में आग लग गई। आग लगते ही कंबाइन के पास से जा रहे राहगीरों में हड़कंप मच गया। तभी कंबाइन मालिक बलजीत सिंह ने दमकल विभाग को सूचित किया। विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचे आग पर काबू पाया।