समालखा। शहर में शादी-विवाह के इस सीजन के बीच एक ड्राईक्लीनर्स की दुकान पर बड़ा हादसा हो गया। सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण गुप्ता ड्राईक्लीन की पहली मंजिल के एक कमरे में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर ग्राहकों के करीब 40 जोड़े महंगे कपड़े जलकर राख हो गए। इसके अलावा कमरे में रखा कूलर, बिजली की वायरिंग और दीवारों पर लगी टाइलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
गनीमत रही कि लॉबी में सुखाने के लिए रखे 30 जोड़े कपड़े सुरक्षित बच गए। दुकान मालिक सागर ने बताया कि वह रोजाना की तरह सोमवार रात भी कपड़ों की ड्राईक्लीनिंग करने के बाद उन्हें सुखाने के लिए पहली मंजिल पर बने कमरे और लॉबी में रखकर नीचे चले गए थे। उन्होंने करीब 40 जोड़े कपड़े कमरे के अंदर और 30 जोड़े कपड़े बाहर लॉबी में रखे थे। रात करीब एक बजे काम खत्म करने के बाद वह सोने चले गए।
विज्ञापन
तड़के करीब 4 बजे जब वह कपड़े उतारने के लिए ऊपर पहुंचे तो मकान की बाहरी दीवारें काली पड़ी देखकर हैरान रह गए। कमरे में जाकर देखा तो वहां रखे सभी कपड़े जल चुके थे। कूलर भी पिघल गया था और बिजली की फिटिंग व टाइलें आग से खराब हो चुकी थीं।
सागर ने बताया कि जलने वाले सभी कपड़े ग्राहकों के थे, जिन्हें शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए समय पर तैयार किया जा रहा था। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले ही नया मकान बनवाकर उसमें रहना शुरू किया था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।