कुरुक्षेत्र। फर्नीचर शोरूम पर त्योहारी सीजन में पहुंचे ग्राहक। संवाद
कुरुक्षेत्र। त्योहारी सीजन शुरू होते ही फर्नीचर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों की ओर से फर्नीचर की खरीद पर तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं।
ऑफिस फर्नीचर से लेकर घरों में इस्तेमाल होने वाले सोफा, बेड, डाइनिंग टेबल, अलमारी और अन्य फर्नीचर आइटम पर आकर्षक छूट दी जा रही है। त्योहारी खरीदारी को देखते हुए बाजार के कारोबारियों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है। फर्नीचर कारोबारियों का मानना है कि इस बार पिछले साल के मुकाबले दो से तीन गुना तक कारोबार बढ़ सकता है। त्योहारी सीजन में लोग घरों को नया लुक देने के साथ-साथ पुराने फर्नीचर को बदलने में भी रुचि दिखा रहे हैं।
वहीं, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी नए फर्नीचर की मांग बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए अलग-अलग रेंज में फर्नीचर उपलब्ध करवाया है।
बाजार में ग्राहकों की जरूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए किफायती से लेकर प्रीमियम रेंज तक के उत्पाद रखे गए हैं। कई दुकानदार खरीदारी पर विशेष छूट और अन्य आकर्षक योजनाएं भी दे रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के आसपास बाजार में ग्राहकों की आवाजाही और बढ़ेगी। त्योहारी सीजन में मिलने वाले ऑफर से जहां ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर मौका मिल रहा है, वहीं फर्नीचर कारोबारियों को भी अच्छे व्यापार की आस जगी है।
कुरुक्षेत्र। फर्नीचर शोरूम पर त्योहारी सीजन में पहुंचे ग्राहक। संवाद