कुरुक्षेत्र। गांव उमरी में एक पंक्चर की दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय लाखन सिंह ने पुत्रवधू और उसके परिवार के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर परिवार को भेजा जिसमें पुत्रवधू समेत उसके मायके वालों पर प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल और जमीन हथियाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
लाखन सिंह का शव उनकी दुकान पर पड़ा मिला। यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्होंने आत्महत्या कैसे की है लेकिन मृतक के गले पर कुछ निशान मिले हैं। करीब एक साल पहले उनके बेटे अरुण व उसकी पत्नी डोली ने अपनी मर्जी से शादी की थी। वीडियो में लाखन सिंह ने डोली पर करीब 18 लाख रुपये की मांग, घर के जेवर हड़पने, संतान न चाहने और बार-बार घर छोड़कर भागने जैसे आरोप भी लगाए थे। उन्होंने वीडियो में कहा कि आजकल लड़की वालों की चलती है जी।
मृतक के बेटे अरुण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से उनके पिता और पूरे परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। अरुण ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले पिता से जमीन उनके नाम करवाने की धमकी दे रहे थे और कई बार मारपीट भी कर चुके थे।
अरुण के अनुसार 30 अप्रैल को ससुराल पक्ष के लोग पंचायत लेकर उनके घर आए थे। इस दौरान उन्होंने 18 लाख रुपये की मांग रखी और लाखन सिंह को इसकी मजबूरी में धमकियां दी गईं। इसी घटना के बाद लाखन सिंह ने आत्महत्या कर ली। अरुण ने अपनी पत्नी के अलावा उसके चाचा अश्विनी, विनोद, चाची, मां, साला विशु, मामा राकेश और नवीन समेत कुल नौ लोगों पर अपने पिता को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
थाना सदर थानेसर के प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि अरुण की पत्नी सहित नौ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मौत की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। दो चिकित्सक के पैनल से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कुरुक्षेत्र। घटना की जानकारी देता मृतक का बेटा अरुण। संवाद
कुरुक्षेत्र। घटना की जानकारी देता मृतक का बेटा अरुण। संवाद
कुरुक्षेत्र। घटना की जानकारी देता मृतक का बेटा अरुण। संवाद