कुरुक्षेत्र/पिहोवा। खन्नौरी बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर किसान ट्रैक्टरों के साथ सड़कों पर उतर आए और जमकर रोष जाहिर किया। वहीं पिहोवा में भी किसानों का रोष देखा गया, जहां शहर भर में ट्रैक्टर मार्च निकाला गया।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह की ओर से सुबह ही बड़ी संख्या में अनाजमंडी के समीप एकत्रित हुए, जहां से वे बीआर चौक, सलारपुर रोड, सेक्टर 17, गुरुद्वारा छठी पातशाही, देवीलाल चौक से होते हुए पुराना बस अड्डा और मोहन नगर से सेक्टर 13 व जिंदल चौक होते हुए मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे और रोष जताया।
वहीं इससे पहले सेक्टर 13 और नए बस अड्डे के पास स्थित शॉपिंग मॉल के आसपास भी रोष व्यक्त किया।यूनियन प्रधान संजू नंबरदार, संजीव आलमपुर, दिलगाब सिंह नंबरदार आदि के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान ट्रैक्टरों पर देशभक्ति के गीत गूंजते रहे।
वहीं किसानों ने कड़ा रोष जाहिर करते हुए कहा कि आज व्यापारी एक रुपये की वस्तु को भी बाजार में उतारने से पहले उसका रेट तय कर देता है लेकिन किसानों को फसल बेचने के लिए हर सीजन में मंडियों में धक्के खाने पर मजबूर होना पड़ता है। किसानों को आज तक एमएसपी गारंटी कानून तक नहीं मिल पाया है। इसी के चलते ही किसान खन्नौरी बार्डर पर लगातार आंदोलन चलाए हुए हैं। पिहोवा में भाकियू के बैनर तले किसानों ने नई अनाज मंडी में इकट्ठे होकर टैक्ट्रर मार्च निकाला, जिसका शहर में जगह- जगह लोगों ने फूल मालाओं व पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।
अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगे और किसान यूनियन के झंडे लगाकर नई अनाज मंडी में तय समय अनुसार पहुंचे और 12 बजे नई अनाज मंडी से ट्रैक्टर मार्च शुरू किया गया जो पिहोवा चौक कैथल रोड पर कैंचियों तक और फिर यू टर्न लेकर शहर के मुख्य मार्गों (बस स्टैंड, अनाज मंडी) से होकर अंबाला रोड और फिर वापिस नई अनाज मंडी में समाप्त हुआ।
प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने बताया कि किसानों की ओर से भाकियू (पिहोवा) के बैनर तले यह ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। भाकियू प्रधान कवलजीत विर्क और युवा प्रधान सुखविंदर ने संयुक्त रूप से बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में देश भर के किसान एमएसपी गारंटी कानून बनाने के लिए संघर्षरत हैं और वहीं दूसरी ओर सरकार ने नई मंडी नीति का ड्राफ्ट बनाकर राज्य सरकारों को देकर तीन कृषि कानूनों की तर्ज पर ही मंडियां खत्म करने की ओर कदम बढ़ा दिया है।संयुक्त किसान मोर्चा व भाकियू(पिहोवा) इसकी निंदा करती है। इस मौके पर डॉ. जसविंद्र कंबोज, बालविंद्र बटेडी, मलकीत बाजवा, गौरव कुमार, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।