कुरुक्षेत्र। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक कृषि प्रशिक्षण संस्थान कारगर साबित हो रहा है। यहां से देशभर के 2495 किसानों और कृषि अधिकारी प्रशिक्षण ले चुके हैं।
प्रदेश के ही 550 व अन्य राज्यों के 655 किसानों और कृषि अधिकारियों को प्राकृतिक खेती के गुर सीखने का मौका मिला है। प्रदेश सरकार ने 12 मार्च 2020 को जिला कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल परिसर में प्राकृतिक कृषि प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की थी। यह संस्थान वर्तमान में पद्मश्री सम्मानित एवं प्रदेश प्रशिक्षण सलाहकार डॉ. हरी ओम राज्य की देखरेख में कार्यरत है।
कृषि उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद ने कहा कि इस संस्थान में हरियाणा के 550 किसानों और कृषि अधिकारियों को तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 1260 किसानों को एक दिवसीय शैक्षिक एक्सपोजर विजिट के माध्यम से प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों से अवगत कराया गया।
30 किसानों को गैर-सरकारी संगठनों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अन्य राज्यों के 655 किसान एवं कृषि अधिकारी भी इस संस्थान से प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इस प्रकार, यह संस्थान न केवल हरियाणा के किसानों और कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों को भी प्राकृतिक कृषि के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित कर रहा है। संवाद