फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kurukshetra News: यूरिया खाद की किल्लत के चलते किसानों में रोष

विज्ञापन
विज्ञापन
इस्माईलाबाद। शहर व क्षेत्र में खाद की किल्लत के चलते किसानों में यूरिया खाद के लिए हाहाकार मचा हुआ है। समय पर यूरिया खाद की आपूर्ति न होने से किसानों में खासा रोष व्याप्त है। किसान प्रेमचंद, कृष्ण, प्रदीप, मनदीप, दीपचंद शर्मा, राजेश कुमार, सौरव शर्मा, अमन, गोल्डी आदि ने बताया कि धान की रोपाई का कार्य समाप्त हो चुका है। इस समय रोपाई की गई धान को यूरिया खाद की जरूरत है लेकिन यूरिया खाद सरकारी व गैर सरकारी दुकानों पर उपलब्ध नहीं है। शहर में यूरिया खाद के लिए घंटों इंतजार करने के बाद किसानों को आए दिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
विज्ञापन

किसानों ने कहा कि इस समय धान का पौधा फुटाव की ओर अग्रसर है ऐसे में पौधे को नाइट्रोजन की अधिक जरूरत होती है, ताकि पौधा जल्दी से फुटाव करे, लेकिन किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि एक तरफ तो सरकार बड़ी-बड़ी बातें कर किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है और वहीं दूसरी ओर किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं करवा रही है, ऐसे में अगर धान की फसल को समय पर खाद नहीं मिली तो धान का पौधा फुटाव नहीं करेगा और इससे धान के उत्पादन पर काफी असर पड़ेगा, इससे धान की निकासी प्रभावित होगी और किसानों को खासा नुकसान हो सकता है। इसके अलावा कुछ खाद विक्रेता खाद के साथ अन्य दवाइयां भी किसानों पर जबरदस्ती दे रहे है, जिससे किसानों को न चाहते हुए अन्य दवाइयां खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने कहा कि खाद सहकारी समितियों के माध्यम से भेजकर किसानों को वितरित की जाए तथा यूरिया खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।



100 फीसदी मांग पूरी की जा चुकी : डीडीए
विभाग के डीडीए कर्मचंद से बात की तो उन्होंने कहा कि डीएपी खाद की मांग 100 प्रतिशत पूरी कर दी गई है। रबी की फसल के लिए स्टॉक तैयार किया जा रहा है। यूरिया खाद की भी 90 प्रतिशत आपूर्ति कर दी गई है। किसान धैर्य रखें हर सप्ताह यूरिया के रैक लग रहे है। जरूरत के हिसाब से हर क्षेत्र में यूरिया कम या ज्यादा भेजा जा रहा है। इस सप्ताह में अधिक मांग वाले क्षेत्र के साथ सभी क्षेत्रों में यूरिया आपूर्ति कर दी जाएगी। यूरिया की किसी तरह की कोई कमी नहीं है। किसान धैर्य बनाए रखे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें