शाहाबाद। जलबेहड़ा गांव से पट्टी शहजादपुर तक बन रहे 152-जी सब कॉरिडोर के चलते पिछले दो वर्षों से प्रभावित किसान अपनी जमीन के एक हिस्से तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रास्ता न मिलने से आक्रोशित किसानों ने ऐलान किया है कि 13 जून को वह निर्माण कार्य बंद करवाएंगे और मार्ग अवरुद्ध करेंगे। किसान जसबीर सिंह मामूमाजरा, हरमीत सिंह, स्वर्णजीत सिंह, परमिंद्र सिंह और खजान सिंह ने बताया कि सब कॉरिडोर के निर्माण के कारण उनकी भूमि दो भागों में बंट चुकी है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई रास्ता उपलब्ध नहीं करवाया है जिससे वे अपने खेतों में आ-जा सकें। किसानों का कहना है कि सरकार ने 45 से 60 मीटर चौड़ा एरिया लिया है और दोनों ओर दीवार खड़ी कर दी गई है, जिससे उनकी आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल आश्वासन देता है, लेकिन अमल नहीं करता।
किसानों ने चेतावनी दी कि 13 जून से जब तक रास्ता नहीं दिया जाएगा, तब तक वह निर्माण कार्य नहीं चलने देंगे और आवश्यक हुआ तो अपने स्तर पर रोड जाम भी करेंगे। किसानों ने निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी से भी अनुरोध किया है कि वह कोई नया काम शुरू न करें, ताकि किसी तरह का टकराव न हो।