लाडवा। गुढा़ गांव के निवासी किसान अजैब सिंह (47) की बारिश के चलते ट्यूबवैल पर पांव फिसलने से पानी की हौदी में सिर लगने से मौत हो गई। उनके घर न पहुंचने पर जब परिजनों ने ट्यूबवेल जाकर देखा तो वे खेत में ट्यूबवेल की हौदी के पास ही लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बेटे के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
बेटे विवेक ने बताया कि वह निजी नौकरी करता है। वह अपनी पत्नी पूजा के साथ अपने किसी निजी काम से अंबाला शहर गया हुआ था। वहां पहुंचा तो ताऊ जसतार सिंह ने सूचना दी कि उनके पिता के सिर में चोट लग गई है। वे उसे इलाज के लेकर लाडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा जा रहे हैं। वहां पहुंचने पर पता चला की पिता की मौत हो चुकी है।