लाडवा में केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा है कि करीब डेढ़ वर्ष में भारत का किसान आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण व संरक्षित खेती के क्षेत्र में इजराईल की तकनीक पूरे विश्व में सिरमौर है। इजराइल पानी की किल्लत के बावजूद अपने जल प्रबंधन के बल पर कम पानी से अधिकतम उपज लेकर दुनिया का अग्रणी फल-सब्जी उत्पादक देश है। राधामोहन सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ बुधवार को लाडवा में इंडो-इजराइल परियोजना के तहत उप ऊष्ण कटिबंधीय फल केंद्र का उद्घाटन किया। इजराईल के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री उरी एरियर ने कहा कि भारत के साथ-साथ हरियाणा में अप्रैल 2015 में उत्कृष्ट केंद्र खोलने की परियोजनाओं को शुरू किया गया था और 28 उत्कृष्ट केंद्रों को खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इजराईल की नई तकनीकी के माध्यम से हरियाणा में नये क्षेत्रों में काम करने और उन्नत तकनीकी का प्रयोग करके अच्छी फसलों को पैदा किया जा सके। उन्होंने कहा कि वाटर मैनेजमेंट के तहत कम से कम पानी से अधिक से अधिक फसलों की सिंचाई की जाएगी। इजराईल हरियाणा के साथ मिलकर कई सेंटर खोलेगा ताकि दोनों देशों के सहयोग से उत्कृष्ट केंद्र स्थापित किए जा सकें।
प्रदेश में 13 प्रोजेक्ट्स पर हो रहा काम
प्रदेश के कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि इजराइल की खेती तकनीकी को दुनिया भर में अपनाया जा रहा है। इजराईल में पानी की एक-एक बूंद को बचाकर खेती की जा रही है। हरियाणा में इस तरह के 13 नये प्रोजेक्टस पर कार्य किया जा रहा है, जिसमें घरौंडा का एक्सिलेंस सेंटर, फलों के लिए मानेयाना सिरसा, लाडवा में फलों का उत्कृष्ट केंद्र, हिसार में पशुपालन केंद्र खोला जा चुका है और रामनगर में मधुमक्खी पालन सेंटर खोलने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि राज्यमंत्री विक्रम सिंह यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी ने तमाम मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, थानेसर विधायक सुभाष सुधा, कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वीरेंद्र सिंह कुंडु, राज्य बागवानी मिशन के मिशन निदेशक डा. बीएस सहरावत, जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सनेहड़ी, उपायुक्त सीजी रजिनिकांतन, पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह, एडीसी प्रभजोत सिंह, एसडीएम सतबीर कुंडु, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, धुम्मन सिंह किरमिच सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकतर समय खाली रहीं कुर्सियां
समारोह में अव्यवस्था का बोलबाला रहा। भारी गर्मी व उमस के कारण समारोह में पंहुचे लोग बेहाल रहे। पंडाल में पंखों की पर्याप्त व्यवस्था नही थी और न ही पीने के लिए पानी ही उचित प्रबंध था जिससे लोग गर्मी व प्यास के कारण पंडाल में बैठने के बजाय पंडाल के बाहर ही घुमते रहे। प्रदेश के कृषि मंत्री के सम्बोधन के समय तो कुर्सियों की एक पूरी लाईन ही खाली पडी रही।
इजराइल की तारीफ के चक्कर में देश को कम आंका
अपने सम्बोधन के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ इजराईल के कृषि मंत्री के आगे इजराईल की तारीफ करने के चक्कर में अपने देश को कमतर बता गए। उन्होंने कहा कि इजराईल फल, सब्जी व मछली उत्पादन के क्षेत्र में बहुत आगे है और इजराईल सरकार वहां अपनी मछलियों को जितनी शानदार सुविधाएं देती हैं उतनी तो अपने देश के बडे अस्पतालों में भी नही हैं।
समारोह स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
समारोह स्थल पर अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए कडी सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध था। समारोह स्थल पर जाने के लिए प्रत्येक आदमी को पास व निमंत्रण पत्र देखकर ही अंदर जाने दिया गया। भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता समारोह स्थल पर जाने की जदोजहद में पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाने तक को मजबूर हो गए लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें बिना अधिकृत पास के अन्दर नही घुसने दिया। इस पर कार्यकर्ता अपने नेताओं पर झल्लाते नजर आए।