कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में उत्तर भारत के सबसे प्रतिष्ठित तकनीकी महोत्सव टेकस्पर्धा-25 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थी फ्रंटियर रीइमेजिंड विषय पर अपने-अपने विचारों को नवाचारों के माध्यम से प्रस्तुत कर रहे हैं।
टेकस्पर्धा-25 के चेयरपर्सन ज्ञान भूषण ने बताया कि रोमांचक वाटर रॉकेट प्रतियोगिता प्रक्षेपण में छात्रों ने आसमान छूने का सपना देखा। प्रतियोगिता में विभिन्न चुनौतियां शामिल थीं, जिनके लिए टीमों ने अपने रॉकेट्स को डिजाइन और निर्मित किया तथा विभिन्न प्रयोग किए। वाटर रॉकेट प्रतियोगिता में पहला स्थान फाल्कन टीम ने हासिल किया, जिसमें जितेन गुप्ता, अखिलेश जमरे और अक्षत शामिल रहे।
वहीं दूसरे स्थान पर एक्वा प्रोपेलर्स की टीम रही, जिसमें टीम के सदस्य देवांश सिंघल, गौतम खंडेलवाल और गौरव बत्रा शामिल रहे तथा तीसरा स्थान कॉस्मिक फ्लेयर्स की टीम सदस्य राघवी, ऋधिमा और मालविका ने प्राप्त किया।
जबकि कोडिंग बिंगो प्रतियोगिता में अभिषेक कुमार, ऋषभ और प्रवीन की टीम ने पहला स्थान हासिल किया और मोहित सिन्हा, शुभम और कर्मवीर की टीम दूसरे स्थान पर रही।
सीवी क्विज प्रतियोगिता में उमंग सिंगला ने पहला और साहिल यादव ने दूसरा स्थान पाया तथा को गेट प्रतियोगिता में अरुण जैन ने पहला एवं आकांक्षा कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि टेकस्पर्धा-25 के तहत कई प्रमुख तकनीकी प्रतियोगिताएं और चर्चाएं आयोजित की गईं, जिन्होंने छात्रों और नवाचार प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। फ्यूचर बिजनेस शार्क 3.0 (स्टार्टअप और उद्यमिता) में प्रतिभागियों ने अपनी व्यावसायिक योजनाओं को प्रस्तुत किया, जबकि गेस्ट लेक्चर में तकनीकी विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
एक्सकैलिबर (इलेक्ट्रॉनिक्स और रोबोटिक्स), केस ऑन पॉइंट (प्रबंधन और रणनीति), एस्ट्रो एरिना (खगोल विज्ञान), जाथुरा (सिमुलेशन और गेमिंग), मेजअप (इलेक्ट्रॉनिक्स), पिक्सर सिम्युलेटर (एनीमेशन और ग्राफिक्स) और हैकशेत्र (हैकाथॉन और कोडिंग) सहित अन्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी और विश्लेषणात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित किया। टेकस्पर्धा-25 केवल एक तकनीकी महोत्सव नहीं, बल्कि नवाचार, तकनीकी विकास और व्यावसायिक सोच का अद्वितीय संगम है।
संस्थान की ये सोसायटी कर रही नवाचार का प्रदर्शन : डॉ. ज्ञान भूषण ने बताया कि टेकस्पर्धा-25 में टेक्नोबाइट, मेचसोक, इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप एक्टिविटी सेल, माइक्रोबस, एमईएक्सपर्ट्स, एयरोमॉडलिंग, अंतरिक्ष, इनोवेशन सेल, इलेक्ट्रोरेक और ईएमआर जैसी संस्थान की प्रमुख तकनीकी सोसाइटी नवाचार का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रत्येक दिन विद्यार्थियों को कुछ नया सीखने को मिल रहा है।