कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूजीसी- मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से 32वें आठ दिवसीय ऑनलाइन एनईपी अभिविन्यास और संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका समापन वीरवार को हुआ।
अंतिम दिन के पहले सत्र में श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय कटरा के प्रबंधन संकाय के प्रो. सुप्रान कुमार शर्मा ने बतौर रिसोर्स पर्सन उच्च शिक्षा में शोध और अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शोध के गुणवत्ता मापदंडों, अनुसंधान प्रभाव के मूल्यांकन और प्रमुख मैट्रिक्स की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की।
दूसरे सत्र में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के प्रो. डीआर ठाकुर ने समग्र और बहु-विषयक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय स्थिरता, स्वास्थ्य सेवा और तकनीकी प्रगति जैसे विषय आज की शिक्षा व्यवस्था का आवश्यक हिस्सा हैं। उन्होंने शिक्षकों से ऐसे पाठ्यक्रम तैयार करने की अपील की जो विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता और समस्या-समाधान क्षमता को बढ़ावा दें। इस मौके पर पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजू बाला, केंद्र निदेशक प्रो. प्रीति जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।