कुरुक्षेत्र। पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 18 लाख की साइबर ठगी मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में अब्दुल हमीद बेग और राहिल जहुर कादरी वासी हरदु वैल श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
प्रवक्ता के अनुसार अमरजीत सिंह वासी कामरेड काॅलोनी थानेसर ने शिकायत में बताया कि वह आर्मी से सेवानिवृत्त हैं। जून-जुलाई 2025 में उसके पास फेसबुक पर अदिति नाम की आईडी से मैसेज आया। कुछ समय बाद उनकी बातचीत होने लगी। अदिति ने उसको ऑनलाइन ट्रेडिंग के बारे में बताया कि उनके अनुसार इन्वेस्टमेंट की तो हर माह अच्छी कमाई होगी। आरोपी के कहे अनुसार ट्रेडिंग खाता खोलकर 10 हजार की इन्वेस्टमेंट कर दी। फायदे में उसको 13 हजार प्राप्त हुए। आरोपी ने फिर 20 हजार इन्वेस्टमेंट कराए जिससे उसको 19 हजार का फायदा हुआ। उसके बाद 18 लाख लगा दिए। जब पैसों को निकालने की कोशिश की तो नहीं निकले। इसकी शिकायत थाना साइबर क्राइम को दी। मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।
इसके तहत 9 मार्च को थाना साइबर कुरुक्षेत्र प्रभारी पीएसआई महेश के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक चिरंजी लाल, अनिल, भूपेंद्र, विकास और सर्वजीत सिंह की टीम ने धोखाधड़ी मामले के आरोपी अब्दुल हमीद बेग और राहिल जहुर कादरी जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।
कमीशन के लालच में हमीद ने दिया खाता : महेश
साइबर थाना प्रभारी पीएसआई महेश कुमार ने बताया कि आरोपी अब्दुल हमीद बेग ने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता आरोपी राहिल जहुर कादरी को दिया था। आरोपी हमीद बेग को इसके बदले 32 हजार मिले थे। आरोपी राहिल जहुर कादरी ने इस खाते को साइबर ठगों को दे दिया जिसके बदले उसे 14 हजार प्राप्त हुए। आरोपी अब्दुल हमीद बेग के दिए खाते में साइबर ठगी के 18 लाख जमा हुए थे।