ब्रह्मसरोवर के वीआईपी घाट पर सेल्फी लेते हुए मोबाइल कंपनी का एक इंजीनियर डूब गया। घटना के समय उसका छोटा भाई भी ब्रह्मसरोवर पर उसके साथ था। उसने इस घटना की सूचना परिजनों को दी। ब्रह्मसरोवर पर तैनात गोताखोर की मदद से युवक को बाहर निकाल कर कुरुक्षेत्र एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
केयू के थाना प्रभारी ओमपाल ने बताया कि कुरुक्षेत्र के पटेल नगर निवासी शिवांशु अरोड़ा (22) पुत्र परमिंदर अरोड़ा मोबाइल कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने छोटे भाई हिमांशु के साथ शाम को ब्रह्मसरोवर पर घूमने के लिए गया था। यहां कुछ देर घूमने के बाद यह दोनों भाई ब्रह्मसरोवर के वीआईपी घाट पर पहुंचे थे। यहां इन्होंने सेल्फी लेनी शुरू कर दी। इस दौरान घाट पर सेल्फी लेते समय वह ब्रह्मसरोवर में जा गिरा।
उसे गोताखोर की मदद से बाहर निकाला गया था। इसी बीच मृतक शिवांशु के छोटे भाई ने परिजनों को सूचित किया था। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे थे। एसएचओ के मुताबिक सरोवर से निकाले जाने के बाद अस्पताल में पहुंचाए जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जांच एएसआई रामदिया को सौंपी गई है। बताया गया है कि अविवाहित शिवांशु बीटेक करने के बाद एक मोबाइल कंपनी में नौकरी कर रहा था। उसके पिता की कुरुक्षेत्र के पटेल नगर में दुकान है।