कुरुक्षेत्र में पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़: दो बदमाश घायल, चावल कारोबारी से फिरौती की मांग करने आए थे आरोपी
Fri, 11 Apr 2025 11:56 AM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
घायल दोनों बदमाश किसी गैंग से जुड़े हुए हैं और चावल के एक कारोबारी से फिरौती की मांग करने आए थे। पुलिस की गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए-वन की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन बदमाशों की घेराबंदी की थी।
कुरुक्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब दो बजे शाहाबाद क्षेत्र के गांव शरीफगढ़ के पास पुलिस और बदमाशों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई। सीआईए-वन की टीम द्वारा घेराबंदी करने पर दो बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को घायल कर लिया।
विज्ञापन
गोली लगने से दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल शाहाबाद के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल (एलएनजेपी) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि ये दोनों बदमाश किसी गैंग से जुड़े हुए हैं और चावल के एक कारोबारी से फिरौती की मांग करने आए थे। पुलिस की गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए-वन की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन बदमाशों की घेराबंदी की थी। बदमाशों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान की, एक बदमाश पंजाब के पटियाला का और दूसरा कुरुक्षेत्र के गांव किर मिच का बताया जा रहा है।
एक दिन पहले, वीरवार को शाहाबाद के एक आईलेट्स सेंटर पर भी बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं और फिरौती की मांग की थी। पुलिस अब इन दोनों घटनाओं में संबंध का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।