कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। शरीफगढ़ गांव के समीप दो बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। शुक्रवार सुबह करीब दो बजे हुई इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर तीन राउंड फायर किए जबकि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इसमें दोनों बदमाशों की टांगों पर गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस दोनों बदमाशों को लेकर शाहाबाद के सिविल अस्पताल पहुंची, जहां से उन्हें लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि ये दोनों काका राणा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं।
पुलिस को बदमाशों के पास से एक देसी कट्टा, 32 बोर की पिस्तौल, 13 कारतूस बरामद हुए हैं। उनसे एक धमकी भरा पत्र भी मिला है, जिसमें शहर के एक कारोबारी से रंगदारी मांगने की बात लिखी है। बदमाश एक स्थानीय कारोबारी को डरा-धमकाकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की योजना में थे। सीआईए एक की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश शहर के बाहरी इलाके में रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने रात करीब एक बजे कार्रवाई शुरू कर दी और शरीफगढ़ गांव के समीप स्थित नीलकंठ होटल के पास नाकाबंदी कर बदमाशों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाशों की टांगों में गोली लगी और वे मौके पर ही काबू आ गए।
एक बदमाश किरमिच तो दूसरा पटियाला का
पकड़े गए बदमाशों की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के घनौरी गांव निवासी सोनू तथा गांव किरमच हाल में शास्त्री मार्केट में रह रहे अभिजोत सिंह उर्फ अभी के रूप में हुई है। दोनों कुख्यात काका राणा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और शूटर की भूमिका में थे। उन्हें किसी व्यापारी के घर फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने का टास्क दिया गया था।
पुलिस पर बदमाशों ने किए तीन फायर : सुरेंद्र
सीआईए-एक के इंचार्ज सुरेंद्र पाल ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों ने कुल तीन राउंड फायर किए थे। बरामद हथियारों को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों की जानकारी हासिल की जा सके।
अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा : एसपी
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा करना व शांति बनाए रखना पुलिस का प्रथम कर्तव्य है। आमजन की सुरक्षा को खतरा पैदा करने वाले तथा समाज में अशांति फैलाने वाले शरारती तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।