लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
कुरुक्षेत्र। प्रदेश सरकार की ओर से लागू की जा रही नई पेंशन योजना (यूपीएस) के विरोध में शुक्रवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने पेंशन बहाली संघर्ष समिति कुरुक्षेत्र के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करवाया और बाद में लघु सचिवालय के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद सभी कर्मचारियों ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग की गई। इस विरोध में हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह), हरियाणा लेक्चरर एसोसिएशन (हसला), राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, पब्लिक हेल्थ कर्मचारी यूनियन, पीडबल्यूडी मैकेनिकल, शारीरिक शिक्षक संघ, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, बिजली विभाग, राजकीय महाविद्यालय पलवल, डाइट पलवल आदि संस्थानों के कर्मचारी शामिल हुए। इस मौके पर जिला प्रधान नरेश फूले, महासचिव महेंद्र शर्मा, कुलदीप शर्मा, अनिल सैनी, बिंटू राम, सतबीर गोयत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।