बाबैन। भारतीय जनता पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से अनाजमंडी स्थित किसान विश्राम गृह में वीबी जी राम जी कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल स्तरीय एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी के बूथ स्तर से लेकर मंडल पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक मजबूती, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी के प्रतिनिधि कैलाश सैनी और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सांगवान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सांगवान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित, राष्ट्रवादी और विचारधारा आधारित संगठन है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, प्रभावी प्रबंधन और जनसंपर्क अभियानों को तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होता है और हर चुनाव व जनआंदोलन में उनकी भूमिका निर्णायक रहती है।
कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आमजन से संवाद के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया गया। इस मौके पर मंडल प्रधान विकास शर्मा, बीएलए सतबीर मंगोली, सरपंच संजीव सिंगला गोल्डी, नायब पटाक माजरा, जसविंद्र जस्सी, सुखजोत कपूर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता कैलाश सैनी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है और इसी दिशा में अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। कैलाश सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से घर-घर तक पहुंचाएं। वीबी जी राम जी कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं के मूल उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु होते हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से ही पार्टी का जनाधार मजबूत होता है।