कुरुक्षेत्र। कृष्णा देवी। फाइल फोटो।
- फोटो : स्वयं
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में सड़कों पर घूम रहे गोवंश लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। गोवंश ने बुजुर्ग महिला को उठाकर पटका जिससे उसकी मौत हो गई। वे उचाना के विधायक देवेंद्र अत्री की बुआ हैं। पिछले वर्ष 27 जुलाई को पटेल नगर में गोवंश की ओर से पटक-पटक कर एक बुजुर्ग महिला गुरदीप कौर को मौत के घाट उतार दिया गया था।
ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल के समीप कॉलोनी में रहने वाले एयरफोर्स से सेवानिवृत्त सारजेंट कुलभूषण शर्मा की बुजुर्ग मां को गोवंश ने उठाकर पटक दिया। सोमवार को हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल करीब 84 वर्षीय कृष्णा देवी की वीरवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। कृष्णा देवी सुबह करीब छह बजे सैर करने के लिए घर से निकली थी, तभी गोवंश ने उन्हें पटक कर मारते हुए सींग घोंप दिया।पिछले वर्ष 27 जुलाई को पटेल नगर में गुरदीप कौर को भी एक गोवंश ने उस समय उठा-उठा कर पटका था जब वह उसे घर के समीप से भगाने का प्रयास करने लगी थी। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया है। प्रशासन ने कई दिनों तक पशु पकड़े जाने का अभियान भी चलाया था। यहां तक कि यह गोवंश किसी गोशाला से संबंधित बताया जा रहा था लेकिन प्रशासन इससे आगे कार्रवाई नहीं बढ़ा पाया था। हालांकि इस गोवंश को गोशाला में छोड़ दिया गया था।
आज भी 300 गोवंश सड़कों पर, फर्म का टेंडर खत्म :प्रशासन व सरकार की ओर से 30 अगस्त तक सड़कों को गोवंश मुक्त बनाए जाने का दावा किया था लेकिन आज भी करीब 300 गोवंश सड़कों पर घूम रहे हैं। इनको पकड़ने के लिए वाह फाउंडेशन को टेंडर दिया गया था।
एडवोकेट जसबीर सिंह का कहना है कि उनकी फाउंडेशन ने 14 माह में 1553 गोवंश पकड़े ओर स्थानीय के साथ-साथ हिसार, निसिंग व पानीपत की गोशालाओं में गोवंश छोड़े गए। दो माह से उनका टेंडर खत्म हो चुका है और आगे के लिए उन्होंने आवेदन नहीं किया है। अब नई फर्म को टेंडर दिए जाने की चर्चा है लेकिन वर्क ऑर्डर नहीं हो पाया है। शुक्रवार को भी उनकी फर्म ने पांच गोवंश को पकड़ा है।
कुरुक्षेत्र। कृष्णा देवी। फाइल फोटो।- फोटो : स्वयं