कुरुक्षेत्र। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कोरोना के कारण एक मौत की पुष्टि की है। वहीं नौ नए संक्रमित मरीज मिले है। जिले में अब तक कोरोना से पीड़ित 26325 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
विभाग के अनुसान अंचला चौक वासी रेलवे से सेवानिवृत्त 75 वर्षीय बुजुर्ग रेलवे अस्पताल अंबाला में दाखिल कराया गया था। अस्पताल में बुजुर्ग वेंटिलेटर पर लगा हुआ था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं जिले में बुधवार को कोरोना के नौ नए केस सामने आए। जिले में 6 लाख 55 हजार 24 लोगों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। अब तक 26325 कोविड मरीज ठीक होकर घर जा चुके है। फिलहाल कोविड पॉजिटिव 54 केस एक्टिव हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक ओमिक्रोन वैरिएंट के 157 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए है, जिनमें से 105 मामले अभी तक सामने आए हैं।
सीएमओ डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि अभी तक लिए गए 682634 में से 655024 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। इस जिले में पॉजिटिव केसों की रिकवरी रेट 98.33 पर है और सैंपल पॉजिटिव रेट 3.93 पर है। इस प्रकार कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 54 है। उन्होेंने बताया बुधवार को 1028 सैंपल एकत्रित किए गए और नौ मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं छह मरीजों को रिकवर होने पर डिस्चार्ज किया गया हैैै।
अब तक कोरोना पॉजिटिव 394 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है और 34 मरीजों को होम आइसोलेशन तथा 20 मरीजों को अस्पताल में रखा गया है। उन्होंने बताया कि वीरवार को 69 स्थानों पर कोरोना वैक्सीनेशन की पहली तथा दूसरी डोज लगाई जाएगी। वहीं 15 से 18 वर्ष के बच्चों को जिले में 49 जगहों पर कोवैक्सीन की डोज लगाई जाएगी।
आठ स्थानों पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश
प्रशासन ने आठ स्थानों पर कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए हैं। इन क्षेत्रेंा में कंटेनमेंट और बफर जोन बनाकर नोडल अधिकारी नियुक्त कर हेल्प लाईन नंबर भी जारी किए गए हैं। उधर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिले में बनाए गए कंटेनमेंट जोन को कोरोना केसों की रिकवरी के बाद डी-नोटिफाई किया जा रहा है। एडवाइजरी के अनुसार बुधवार को 11 स्थानों को कंटेनमेंट व बफर जोन क्षेत्र से निजात दे दी गई है।