कुरुक्षेत्र। लगातार हो रहे सड़क हादसों में राहगीरों की जान जा रही है। फरवरी में ही 38 हादसे हुए, जिनमें 22 लोगों की मौत हुई। पिपली में ही हादसे व इनमें मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है और पिपली चौक सड़क हादसों की दृष्टि से संवेदनशील बन चुका है। ऐसे में अब प्रशासन इन हादसों पर अंकुश लगाने के लिए अलर्ट मोड पर दिखाई देने लगा है। इसी के चलते ही एनएच-44 पर सर्विस रोड पर आने और सर्विस रोड से एनएच-44 पर जाने के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए जाएंगे। यही नहीं इस चौक के आसपास किए गए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। चौक के आसपास सर्विस लेन को चौड़ा करने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए व अन्य प्रबंध करने के लिए एसडीएम थानेसर के नेतृत्व में मौके का निरीक्षण भी करेंगे।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए नगर परिषद की तरफ से पिपली चौक, नए बस स्टैंड और अन्य स्थानों पर ट्रैफिक लाइटें लगाईं जाएंगी। इन ट्रैफिक लाइट की जगहों को फाइनल करने के लिए एसडीएम थानेसर की अध्यक्षता में कमेटी मौके का जायजा लेगी। इसके अलावा शहर में करीब 40 ब्लिंकर भी लगाए जाएंगे। बैठक में 11 एजेंडे रखे गए।
आपस में पत्र लिखने की बजाय कार्य में रुचि लें अधिकारी
सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक लेते हुए एडीसी ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं होगी। अधिकारी आपस में पत्र लिखने के बजाय व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करना सुनिश्चित करें ताकि एक ही एजेंडा बार-बार हाउस के समक्ष न रखा जाए।
महज एक टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बना
करीब एक माह पहले शहर में मिर्जापुर कैथल रोड, गुरुकुल, थर्ड गेट, पुलिस लाइन, पुराने रेलवे स्टेशन के पास सहित अन्य जगहों पर टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के आदेश दिए गए थे। इनमें से आज तक महज एक का निर्माण कार्य ही पूरा किया जा सका है। एडीसी ने इस पर अधिकारियों को चेतावनी दी।
हाउस में ही पीडब्ल्यूडी विभाग ने दी वन विभाग को एनओसी
एडीसी सोनू भट्ट ने लाडवा इंद्री रोड पर सड़क के बीचोंबीच पेड़ को काटने के लिए हाउस में ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को वन विभाग के पक्ष में एनओसी जारी करने के आदेश दिए। पीडब्ल्यूडी विभाग ने एनओसी जारी कर दी है। वहीं स्कूली बसों की जांच व उमरी चौक से पावर ग्रिड काॅलोनी और आयुर्वेदिक चौक की तरफ मार्ग पर हैवी ट्रैफिक को रोकने के लिए कमेटी द्वारा निरीक्षण किए जाने के भी आदेश दिए।
कुरुक्षेत्र। नया बस अड्डा के पास बंद लाल बत्ती। संवाद- फोटो : kathua