इन दिनों कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की लापरवाही विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों पर भारी पड़ रही है। ना कोई नोटिस, ना कोई मैसेज और मनमर्जी से लेट फीस लगाकर विद्यार्थियों का रोल नंबर रोक दिया। बेशक यूनिवर्सिटी प्रशासन बेहतर व्यवस्था बनाने का ढिंढोरा पीट रहा है, लेकिन धक्के खाकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंच रहे विद्यार्थी विवि प्रशासन की अनदेखी से काफी परेशान है। उनका कहना है कि हमने समय पर फीस भर दी थी। इसके बाद भी उनपर लेट फीस लगा दी गई और अब परीक्षा से एक दिन पहले तैयारी की बजाय उन्हें रोल नंबर लेने के लिए बैंक की लाइन में लगना पड़ रहा है। इससे विद्यार्थियों में विश्वविद्यालय के लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रति गुस्सा भी है।
जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षा विभाग की ओर से सैकड़ों विद्यार्थियों को बिना सूचित किए और बिना नोटिस भेजे फीस पर जुर्माना लगा दिया। इसकी भनक तब लगी जब विद्यार्थियों को ऑनलाइन रोल नंबर नहीं मिले। विद्यार्थियों का कहना है कि वे दूरवर्ती शिक्षा विभाग से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने दाखिले के लिए समय पर फीस जमा करवा दी थी। अब विभाग ने परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय ने उनका रोल नंबर रोक लिया। कल परीक्षा है और एक दिन पहले वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के धक्के खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने समय पर फीस जमा कर दी फिर भी लेट फीस का जुर्माना क्यों लगाया गया। लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
समय से पहले फीस के बावजूद भी ले रहे फाइन: अमन
हिसार से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र अमन कुंडू ने कहा कि वह दूरवर्ती शिक्षा विभाग से एमए इतिहास की पढ़ाई ग्रहण कर रहा है। यूनिवर्सिटी ने दावा किया था कि सभी को ऑनलाइन रोल नंबर उपलब्ध कराए जाएंगे। काफी इंतजार के बाद भी विद्यार्थियों को रोल नंबर उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने फीस पहले ही भर दी थी, लेकिन अभी भी विद्यार्थियों से जुर्माना वसूला जा रहा हैं।
सीट पर नहीं बैठा कोई अधिकारी
जींद के प्रवीन ने बताया कि वह एमकॉम फस्ट ईयर में पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार को उनकी परीक्षाएं हैं, लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें रोल नंबर नहीं उपलब्ध कराए गए। इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मात्र रोल नंबर हासिल करने के लिए उन्हें विश्वविद्याल आना पड़ा। यहां संबंधित कर्मचारी सीट पर उपस्थित ही नहीं हैं।
रोल नंबर न मिलने से पढ़ाई हुई प्रभावित
नरवाना निवासी राम मेहर ने बताया कि वह रोल नंबर लेने के लिए सुबह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय आए थे। पिछले दो दिनों से वेबसाइट पर रोल नंबर सर्च कर रहे हैं, लेकिन नहीं मिला। इसकी वजह से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यही नहीं रोल नंबर न मिलने से पढ़ाई प्रभावित हुई। कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का विद्यार्थियों की तरफ कोई ध्यान नहीं है।
बाक्स
भूखे पेट घर से भागे, तब जाकर मिला रोल नंबर
छात्र कार्तिक ने बताया कि शुक्रवार सुबह पेपर है, लेकिन अभी तक उन्हें ऑनलाइन रोल नंबर नहीं मिला, जिससे हासिल करने के लिए संभलखा से कुरुक्षेत्र आने के लिए सुबह भूखे पेट घर से भागना पड़ा। यहां पहुंचकर पता चला कि लेट फीस लगाई गई, जिसकी वजह से विश्वविद्यालय ने रोल नंबर साइट पर अपलॉड नहीं किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की लापरवाही के चलते विद्यार्थियों को मानसिक रूप से भी परेशान होना पड़ रहा है।