कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय सेमिनार के माध्यम से शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के व्यापक अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर शिक्षा क्षेत्र से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े सभी वर्गों से विस्तृत चर्चा एवं व्यापक सुझाव भी लिए जाएंगे। शिक्षा मंत्री की ओर से सुझावों के लिए एक पोर्टल, गूगल फार्म, सुझाव पेटी भी लांच की जाएगी, जिसमें सुझाव देने का समय 12 जनवरी से बसंत पंचमी दो फरवरी तक रहेगा।
इस अभियान को शुरू करने से पहले दो जनवरी को गुरुग्राम डिवीजन के 75 राजकीय महाविद्यालयों, तीन जनवरी को रोहतक डिवीजन के 90 राजकीय महाविद्यालयों, हिसार डिविजन के 74 तथा सात जनवरी को अंबाला डिवीजन के 54 राजकीय महाविद्यालयों तथा करनाल डिवीजन के 51 राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों, शिक्षक एवं विद्यार्थियों के साथ बैठक आयोजित हुई। इसी कड़ी में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर कुवि के श्रीमद्भगवद्गीता सदन (ऑडिटोरियम हॉल) में एनईपी-2020 के व्यापक अभियान को गति मिलेगी।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए कुलपति ने ली बैठक
12 जनवरी को होने वाले राज्य स्तरीय सेमिनार की तैयारी की समीक्षा के लिए बुधवार को कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने सेमिनार के सफल संचालन के लिए गठित कमेटी की बैठक ली व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि उच्च शिक्षा प्रणाली बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है इसलिए हम सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है इस अभियान में सहयोग करें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति हर संस्थान, यूनिवर्सिटी, शिक्षक, विद्यार्थी को सृजनात्मकता, नवाचार को प्रदर्शित करने का सुअवसर प्रदान करती है। बैठक में डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. दिनेश कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रो. संजीव शर्मा, प्रो. नीलम ढांडा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
दिल्ली रोड स्थित सूर्या पैलेस में आयोजित कथा में मौजूद श्रद्धालु- फोटो : संवाद