कुरुक्षेत्र। ग्राम सचिव की परीक्षा के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए 64 परीक्षा केंद्रों पर 22 हजार 690 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कराते हुए परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में एंट्री दी गई। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरे खिले हुुए थे। अन्य परीक्षाओं की अपेक्षा ग्राम सचिव का प्रश्न-पत्र आसान था।
परीक्षार्थियों के अनुसार उक्त परीक्षा में करीब 34 प्रश्न हरियाणा जरनल नॉलेेज से संबंधित पूछे गए। हालांकि हिंदी, अंग्रेजी, मैथ और साइंस विषय से संबंधित कठिन सवाल परीक्षा में पूछे गए। जानकारी के अनुसार 64 परीक्षा केंद्रों पर 23 हजार 920 में से 22 हजार 690 परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 1230 परीक्षा अनुपस्थित रहे। केंद्र से बाहर आते परीक्षार्थी सोनिया ने बताया कि सरकार की ओर से गृह जिले में ही परीक्षा केंद्र बनाकर परीक्षार्थियों को राहत दी है। पहले परीक्षार्थियों को 150 से 200 किलोमीटर दूर तक परीक्षा देने के लिए जाना पड़ता था। डीएन कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची महक ने बताया कि ग्राम सचिव का प्रश्न-पत्र काफी आसान रहा, लेकिन इस बार प्रतिस्पर्धा भी अधिक होगी। जितनी ज्यादा मेरिट अधिक जाएगी, उतना ही पद के लिए चयन होना मुश्किल होगा। परीक्षार्थी अजय ने बताया कि परीक्षा में करीब 34 प्रश्न हरियाणा से संबंधित पूछे गए थे, लेकिन हिंदी और अंग्रेजी के कठिन प्रश्न पूछे गए। मैैथ और साइंस के प्रश्न काफी कम थे।
आज भी 64 परीक्षा केंद्रों पर होगी लिखित परीक्षा
हरियाणा कर्मचारी द्वारा विकास एवं पंचायत विभाग की ग्राम सचिव की परीक्षा शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे से 12 बजे तक व सायं के सत्र में 3 बजे से लेकर साढ़े 4 बजे तक आयोजित की गई। रविवार को भी यही लिखित परीक्षा इसी समय पर आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाई गई है। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्णत: पाबंदी है।