शाहाबाद/कुरुक्षेत्र। शाहाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात्रि सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में डंपर चालक ने एक बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे शाहाबाद सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खेड़ा गांव के रहने वाले हर्ष के रूप में हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया।
पुलिस को दी शिकायत में बंटी ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई हर्ष दोनों मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार की रात नौ बजे के करीब दोनों भाई शाहाबाद अनाज मंडी में काम खत्म कर अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अपने गांव खेड़ा लौट रहे थे। जब वह मोहनपुर गांव के पास वैल्डिंग वर्कशॉप के नजदीक पहुंचे तभी हर्ष की मोटरसाइकिल को सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर से हर्ष मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने अपने भाई को शाहाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना शाहबाद पुलिस ने बंटी की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। शाहाबाद थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। डंपर नंबर के आधार पर आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा है व क्षेत्र के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को काबू कर लिया जाएगा।