कुरुक्षेत्र। जिले के हर घर तक पीने का शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में 655 और शहरी क्षेत्र में 201 ट्यूबवेलों को दुरुस्त कर दिया गया है। इन ट्यूबवेलों के माध्यम से 398 गांव और पांच शहरों में जल की आपूर्ति की जाएगी। अहम पहलू यह है कि पीने के पानी को लेकर अगर किसी भी नागरिक को परेशानी आ रही है तो वह जनस्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर 18001805678 पर डायल कर सकता है।
वीरवार को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिले में गर्मियों के सीजन मेंं जल आपूर्ति को लेकर अधीक्षक अभियंता अरविंद रोहिला और कार्यकारी अभियंता सुमित गर्ग से जिला उपायुक्त नेहा सिंह ने भी पूरी योजना पर विस्तार से चर्चा की है। उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से गर्मियों के सीजन के दौरान लोगों को निरंतर जल की आपूर्ति मुहैया करवाने के लिए की गई तैयारियों की फीडबैक लेने के उपरांत कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 398 गांव और कुरुक्षेत्र, लाडवा, शाहाबाद, ईस्माइलाबाद तथा पिहोवा पांच शहर आते हैं। इस जिले के गांव में 655 ट्यूबवेलों तथा शहरी क्षेत्रों में 201 ट्यूबवेलों के माध्यम से उचित क्लोरिनेशन करके स्वच्छ पीने के पानी की आपूर्ति की जा रही है।
पिहोवा व कुरुक्षेत्र में दो प्रयोगशालाएं
जनस्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत पिहोवा व कुरुक्षेत्र में दो प्रयोगशालाएं हैं। इनमें नियमित रूप से पीने के पानी के सैंपलों की जांच की जा रही है, जहां कहीं भी किसी को पीने के पानी से संबंधित कोई समस्या आती है तो विभाग के टोल फ्री नंबर 18001805678 पर संपर्क कर सकते हैं। इस विभाग के मुख्यालय की टोल फ्री सेवा पर 24 घंटे किसी भी समय दर्ज करवाई जा सकती है। इन समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा।
पानी की आपूर्ति के लिए एसडीओ की रहेगी निगरानी : रोहिल्ला
जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता अरविंद रोहिला ने कहा कि गर्मियों के सीजन में लोगों को पीने की पानी की कोई समस्या न आए इसके लिए क्षेत्र अनुसार एसडीओ की जिम्मेवारी तय की गई है। इसके लिए कुरुक्षेत्र, जलापूर्ति व सीवरेज के लिए गुरजिंद्र सिंह 9416202228, रमेश कुमार 9466017488, लाडवा जलापूर्ति व सीवरेज के लिए विनोद कुमार 9417061843, शाहाबाद जलापूर्ति व सीवरेज के लिए सुरिंद्र कुमार 9812341077,पिहोवा व ईस्माइलाबाद जलापूर्ति व सीवरेज के लिए भूपिंद्र सिंह, जेई 8950895021 की डयूटी लगाई गई है।