कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के प्रशासक एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष अनेजा को चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए फेलोशिप इन डायबिटीज एंड कार्डियो मेटाबोलिक प्रैक्टिस-2026’ से सम्मानित किया गया। ऑल इंडिया डायबिटीज एवं कार्डियो मेटाबोलिक एसोसिएशन के समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। खास बात यह रही कि फेलोशिप के लिए हरियाणा से डॉ. आशीष अनेजा का एकमात्र चिकित्सक के रूप में चयन हुआ।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने डॉ. अनेजा को उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा के प्रति उनका समर्पण और लगातार किए जा रहे प्रयास अनुकरणीय हैं। डॉ. अनेजा को मधुमेह और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए भी सराहा गया है। वे अब तक 1100 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुके हैं। इनमें जरूरतमंद लोगों को रक्त जांच, शुगर, अस्थि घनत्व, ईसीजी, श्वसन क्षमता, न्यूरोपैथी और कैंसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. आशीष अनेजा को इससे पहले आरएसएसडीआई का बेस्ट डॉक्टर इन डायबिटीज केयर अवॉर्ड, जीएपीआईओ लीडरशिप अवॉर्ड, उन्नत भारत सर्वश्री हेल्थ रत्न अवॉर्ड और आइकॉनिक पर्सनैलिटी अवॉर्ड मिल चुके हैं। इसके अलावा वे ‘फेलोशिप इन डायबिटीज’ से भी सम्मानित हो चुके हैं।