कुरुक्षेत्र। ट्रैक्सी स्टैंड नजदीक पुराना बस अड्डा से चोरों ने दानपात्र तोड़ लिया और उससे हजारों की नकदी साफ कर दी। नरेंद्र कुमार वासी दीदार नगर ने बताया कि उसका भाई सुनील कुमार दरगाह पर सेवादार है। एक सेवादार मनीष हर रोज की तरह वहां सेवा करने के लिए गया तो गेट खुला मिला। दान पेटी गायब मिली तो उसके आसपास कुछ रुपये बिखरे मिले। आसपास तलाश की लेकिन दानपेटी का पता नहीं चल पाया। पेटी में करीब 45 हजार रुपये थे।
फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर सरपंच का चुनाव लड़ने के मामले की जांच शुरू
कुरुक्षेत्र। खरींडवा गांव के पूर्व सरपंच के खिलाफ पुलिस के पास मामला पहुंचा है, जिसमें उन पर 10वीं कक्षा के फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर चुनाव लड़ने व तथ्यों को छिपाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव वासी ही संजीव कुमार ने दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि पूर्व सरपंच ने दसवीं की परीक्षा का फर्जी प्रमाणपत्र हासिल कर उसी आधार पर चुनाव लड़ा था, जिसमें वह जीता भी था। इस संबंध में पहले शिकायत दिए जाने पर जिला उपायुक्त ने जांच कराई थी, जिसमें भी वह यह प्रमाण पत्र असली होना नहीं साबित कर पाया था। ऐसे में उन्हें जिला उपायुक्त द्वारा हटा दिया गया था। अब शिकायत में आरोप लगाए कि उन्होंने झूठा शपथ पत्र व फर्जी प्रमाणपत्र देकर गुमराह किया है, जिस पर कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।