कुरुक्षेत्र। टीम कप्तान को प्रोत्साहित करते कोच। संवाद
कुरुक्षेत्र। इंटर कॉलेज पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन अलग-अलग स्थानों पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। 15 से 20 जनवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 18 टीमें दमखम दिखा रही हैं। विभिन्न मैदानों पर खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। टूर्नामेंट के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. दिनेश ने बताया कि कैथल के ज्योंग ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में डीएन कॉलेज हिसार ने पीआईईटी पानीपत को पांच विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीआईईटी पानीपत की टीम 20 ओवर में 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएन कॉलेज हिसार की टीम ने बल्लेबाजी का परिचय देते हुए 18वें ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
इंदूस एकेडमी कैथल में खेले गए अन्य मुकाबले में गवर्नमेंट कॉलेज सिरसा ने गवर्नमेंट कॉलेज भिवानी को तीन विकेट से हराकर अगले दौर में जगह बना ली। मैच के दौरान सिरसा की टीम ने धैर्य और बेहतर सामंजस्य दिखाते हुए जीत अपने नाम की। पुलिस लाइन ग्राउंड में हुए मैच में एनआरएस कॉलेज रोहतक ने बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी, टीचिंग डिपार्टमेंट को हराकर प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी मजबूत की। इसके अलावा गवर्नमेंट कॉलेज नारायणगढ़ को शाह सतनाम जी कॉलेज सिरसा के खिलाफ वॉकओवर मिला। क्रिकेट प्रतियोगिता का यह रोमांच आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में और कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।