कुरुक्षेत्र। पोषण कोष पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ करते सीजेएम नितिन राज।
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में जरूरतमंद बच्चों और लोगों की भूख मिटाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का पोषण कोष सहारा बनेगा। इस पोषण कोष को पंचायत भवन के पास एसबीआई एटीएम के साथ स्थापित किया गया है। इस पोषण कोष में करनाल मोटर्स के जन्नत सिंह बाली के सहयोग से फ्रीज लगाया गया है और इस फ्रीज में रॉबिन हुड आर्मी के सहयोग से खाना पैकिंग में रखा जाएगा। इस प्रोजेक्ट को डीएलएसए की चेयरमैन तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश आराधना साहनी के विशेष प्रयास से स्थापित किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम नितिन राज ने शुक्रवार को देर सायं डीएलएसए की तरफ से पंचायत भवन एटीएम के साथ स्थापित किए गए पोषण कोष पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। सीजेएम नितिन राज, जन्नत सिंह बाली, रॉबिन हुड आर्मी से एडवोकेट श्वेता सिंह ने कोष की शुरुआत की और जरूरतमंद बच्चों ने इस पोषण कोष से भोजन भी ग्रहण किया। इस पायलट प्रोजेक्ट के सफल होने के बाद शहर में कई जगहों पर डीएलएसए की तरफ से एनजीओ के सहयोग से पोषण कोष प्रोजेक्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को भरपेट खाना मिल सके। इस जिले में डीएलएसए की तरफ से जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाना एक अनोखी और पहली योजना है।
सीजेएम नितिन राज ने कहा कि कुछ समय पहले ग्लोबल हंगर इंडेक्स का अध्ययन करते समय उनके समक्ष यह तथ्य आए कि विश्व में 121 देशों में भारत का 107वां स्थान है और यह तथ्य भी सामने आए कि भारत में 23-24 करोड़ लोग रोजाना भूखे सो जाते हैं। इन तथ्यों को जानने के बाद उनके जेहन में एक सोच पैदा हुई कि कुरुक्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि डीएलएसए ने इन संस्थाओं के सहयोग से पंचायत भवन के समक्ष पोषण कोष स्थापित किया है। यह पोषण कोष सुबह नौ बजे से लेकर रात्रि नौ बजे तक खुला रहेगा। इस पोषण कोष से कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भोजन ग्रहण कर सकेगा।