माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला नागरिक अस्पताल में बिजली समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल परिसर में बन रहे बिजली उपकेंद्र का निर्माण अंतिम चरण में है। अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. दीपक गोयल ने बताया कि इस सप्ताह काम पूरा होने की संभावना है।
पिछले कई सप्ताह से जिला नागरिक अस्पताल में बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। रोजाना बिजली जाने और ट्रिपिंग की वजह से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। एक्स-रे, लैब जांच और अन्य जरूरी उपकरण कई बार अचानक बंद हो जाते थे, जिससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अस्पताल परिसर में तैयार हो रहा बिजली उपकेंद्र विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। अस्पताल में लगातार बढ़ रहे बिजली लोड को देखते हुए नई व्यवस्था जरूरी हो गई थी।